बोकारो के सेक्टर 6 थाना क्षेत्र में एक मां और बेटे को लगभग 15 महीने तक बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद दोनों को क्वार्टर नंबर 2517 से मुक्त कराया। पीड़ित संतोष कुमार महतो और उनकी मां सीता देवी चास के बंसीडीह निवासी हैं। थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने बताया कि उन्हें टेलीफोन पर इस मामले की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मां-बेटे को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि संतोष कुमार का अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। इस कानूनी प्रक्रिया के दौरान संतोष का अशोक सिंह नामक व्यक्ति से आर्थिक लेनदेन हुआ था। अशोक सिंह ने मां-बेटे को क्वार्टर में बंधक बनाकर रखा था संतोष कुमार ने बताया कि उन्होंने अशोक सिंह से लिए गए पैसे खर्च कर दिए थे। इसके बाद अशोक सिंह ने उन्हें धमकी दी कि “प्रॉपर्टी बेचकर पैसा लौटाओ।” इसी विवाद के चलते अशोक सिंह ने मां-बेटे को क्वार्टर में बंधक बनाकर रखा था। संतोष के अनुसार, उन्हें और उनकी मां को कभी-कभी ही चावल-दाल या थोड़ा बहुत खाना दिया जाता था। वे कई बार बालकनी से मदद के लिए गुहार लगाते थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी अशोक सिंह सेक्टर 3 के निवासी हैं और उन्हें हाल ही में एक अन्य मामले में चीराचास थाना क्षेत्र से जेल भेजा गया है। पुलिस ने फिलहाल मां-बेटे को एक सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित परिवार से आवेदन मिलने के बाद आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बोकारो में मां-बेटे 15 महीने रहे बंधक:सेक्टर 6D से कराए गए मुक्त, फोन पर सूचना मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई
