फतेहाबाद जिले के रतिया के लाली रोड पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शिव मंदिर के पास एक निजी बस और बाइक की जोरदार टक्कर में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और शवों को उठाने से इनकार कर दिया। शिव मंदिर के पास हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, गांव खाई निवासी रोबिन अपनी माता कौशल्या बाई के साथ बाइक पर सवार होकर गांव खाई से कलोठा होते हुए रतिया की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे लाली रोड पर स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि मां-बेटे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों का फूटा गुस्सा हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके का मंजर देखकर लोगों का गुस्सा भड़क गया। परिजनों ने बस चालक की लापरवाही का आरोप लगाते हुए शवों को उठाने से मना कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी बस चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और निजी बस संचालकों की मनमानी पर लगाम कसी जाए। पुलिस ने संभाला मोर्चा तनाव की सूचना मिलते ही रतिया पुलिस की टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों को उचित कानूनी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिवार के सदस्य अड़े हुए हैं और लाली रोड पर जाम ला रखा है। पुलिस उनको मनाने का प्रयास कर रही है।
फतेहाबाद में रोड एक्सीडेंट में मां-बेटे की मौत:निजी बस से टकराई बाइक; रतिया में परिजनों का हंगामा, रोड जाम किया
