यमुनानगर में लापता हिंदू युवती ने जारी किया VIDEO:बोली- अपनी मर्जी से सोहेल के साथ आई, इसके परिवार को कुछ हुआ तो मेरे घरवाले जिम्मेदार

Spread the love

यमुनानगर के व्यासपुर क्षेत्र की लापता युवती का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। जहां एक ओर युवती के लापता होने को लेकर क्षेत्र में तनाव और विरोध प्रदर्शन जारी थे, वहीं अब युवती ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पूरे मामले में नया ट्विस्ट ला दिया है। वीडियो में युवती एक युवक के साथ दिखाई दे रही है। वीडियो में युवती कह रही है कि “मैं सोहेल के साथ अपनी मर्जी से आई हूं। सोहेल के साथ मैंने खुद शादी के लिए जबरदस्ती की थी। अगर आज या कल सोहेल के परिवार के ऊपर कोई भी बात आती है तो इसके जिम्मेदार मेरे घर वाले होंगे।” महापंचायत के बाद भड़का आक्रोश, चौक पर लगा जाम युवती की बरामदगी को लेकर दिए गए अल्टीमेटम की समय सीमा रविवार सुबह समाप्त हो गई थी। इसके बाद क्षेत्र में महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों के साथ विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी पहुंचे। पंचायत में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आई। ग्रामीणों का आरोप था कि कई दिन बीत जाने के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं लगाया जा सका। पंचायत खत्म होते ही गुस्साए लोगों ने व्यासपुर चौक पर जाम लगा दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस बल मौके पर मौजूद प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी की और युवती को जल्द बरामद करने की मांग दोहराई। जाम के कारण मुख्य मार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। डीएसपी हरविंद्र सिंह खुद मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इसके अलावा डीएसपी रजत गुलिया भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि युवती की तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं। क्या था पूरा मामला ग्रामीणों और हिंदू संगठन से जुड़े महिपाल आर्यन के ने बताया कि दो दिन पहले गांव की 19 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर एक मुस्लिम युवक अपने साथ ले गया था। इस घटना के बाद से युवती का कोई सुराग नहीं लग पाया था। इससे पहले भी ग्रामीण पुलिस चौकी रंजीतपुर में एकत्रित होकर युवती की बरामदगी की मांग कर चुके थे। उस समय पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि 29 मार्च सुबह 10 बजे तक युवती बरामद नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे और ठीक ऐसा ही हुआ। वायरल वीडियो से आया बड़ा मोड़ इसी बीच रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। वीडियो में युवती साफ तौर पर कहती नजर आ रही है कि मैं सोहेल के साथ अपनी मर्जी से आई हूं। मैंने खुद उसके साथ शादी करने के लिए जबरदस्ती की। अगर सोहेल परिवार को कुछ होता है तो इसके जिम्मेदार मेरे घर वाले होंगे। युवती के इस बयान ने पूरे घटनाक्रम को और जटिल बना दिया है। वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि युवती के बयान की सत्यता की पुष्टि की जाए। वीडियो सामने आने के बावजूद क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। ग्रामीण अब भी युवती की सुरक्षित वापसी और सच्चाई सामने आने की मांग पर अड़े हुए हैं।