मंत्री बोले- मैं कैलाश विजयवर्गीय नहीं..फंसाने की कोशिश मत करना:सीएम के सामने विधायक की पोल खुली; घोड़ा हिनहिनाया तो सहम गए भाजपा सांसद

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। मीडिया के सवालों से भागे मंत्री इंदर सिंह परमार
मंत्री इंदर सिंह परमार जब कटनी पहुंचे तो उन्होंने मीडिया से बात तो की, लेकिन उतना ही बोले जितना उन्हें बताना जरूरी लगा। जैसे ही सवालों की बारी आई, मंत्री जी ने टालमटोल शुरू कर दी। चलो हो गया.. ये मेरा विषय नहीं.. कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया। इसी बीच मंत्री ने एक ऐसी बात कह दी, जो अब चर्चा का विषय बन गई है। उन्होंने कहा- ‘कैलाश जी को बुलवा लिया बेचारे को दबाव बनाकर।’ शायद मंत्री जी यह जताना चाह रहे थे कि वे कैलाश विजयवर्गीय नहीं हैं, जिन पर दबाव बनाया जाए और वे कुछ भी बयान दे दें। मंत्री इंदर सिंह ने मीडिया से कहा- मुझे कितना भी उकसा लो, मैं कैलाश विजयवर्गीय की तरह आप लोगों की बातों में फंसने वाला नहीं हूं। बता दें कि हाल ही में इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर सवाल पूछे जाने पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एक पत्रकार पर भड़क गए थे। उन्होंने ‘घंटा’ शब्द का इस्तेमाल किया था, जिस पर खूब बवाल मचा था। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर उनके इस्तीफे की मांग को लेकर जगह-जगह प्रदर्शन भी किए थे। कैलाश विजयवर्गीय के इसी मामले से सबक लेते हुए मंत्री इंदर सिंह परमार ने मीडिया के सवालों से दूरी बना ली। या फिर यह भी हो सकता है कि सत्ताधारी दल भाजपा ने ही अपने मंत्रियों की ज़ुबान पर लगाम कस दी हो। सीएम से बोले खिलाड़ी- विधायक तो सुनते ही नहीं
सीएम डॉ. मोहन यादव हाल ही में अशोकनगर जिले के मढ़ी महिदपुर गांव पहुंचे थे। यहां गांव के खिलाड़ियों ने उन्हें रोककर स्टेडियम और खेल मैदान बनाने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने पास में ही खड़े चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी से कहा कि खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम बनवाया जाए। इसी दौरान बच्चों ने बताया कि वे पहले भी विधायक से यह मांग कर चुके हैं, लेकिन वे सुनते ही नहीं। इस पर मुख्यमंत्री ने विधायक का बचाव करते हुए बच्चों को समझाया कि इस तरह की बात नहीं बोलनी चाहिए। अब लोग कह रहे हैं कि भले ही सीएम ने बात संभाल ली, लेकिन विधायक की फजीहत तो हो ही गई। घोड़े के साउंड से सकते में आ गए सांसद लालवानी
इंदौर से भाजपा सांसद शंकर लालवानी एक हॉर्स शो में पहुंचे थे, जहां उन्होंने घुड़सवारी भी की। इस दौरान एक पल ऐसा आया, जब वे सहम से गए। इसका वीडियो अब सामने आया है। सांसद लालवानी हंसते-हंसते घोड़े पर सवार हुए। कुछ कदम चले ही थे कि घोड़ा हिनहिनाने लगा। घोड़े की आवाज सुनते ही सांसद कुछ पल के लिए सकते में आ गए। उनके चेहरे के भाव भी बदल गए और उन्होंने घोड़े को रोकने का इशारा किया। हालांकि इसके बाद वे फिर मुस्कुराते नजर आए और समर्थकों के साथ फोटो भी खिंचवाया। अब लोग कह रहे हैं कि राजनीति है साहब, यहां डर में भी मुस्कुराना पड़ता है और सुर्खियों में रहने के लिए ऐसे स्टंट भी करने पड़ते हैं। भाजपा सांसद को कबड्‌डी में जबरदस्ती जिताया
नर्मदापुरम से भाजपा सांसद दर्शन सिंह चौधरी रायसेन जिले के उदयपुरा के एक गांव में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कबड्डी भी खेली। इस दौरान एक रोचक नजारा देखने को मिला। हुआ यूं कि सर्विस देने के लिए सांसद विरोधी टीम के पाले में गए। वहां एक खिलाड़ी ने उन्हें पकड़ लिया। सांसद ने खुद को छुड़ाने के लिए पूरा जोर लगाया और गिरते हुए लाइन को छू लिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सांसद ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है, जिस पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि ऐसा लग रहा है जैसे सांसद को जबरदस्ती जिताया गया हो। दरअसल, जब एक खिलाड़ी ने सांसद को पकड़ा, तो बाकी खिलाड़ी देखते रहे। वहीं, जिसने पकड़ा था उसने भी कुछ ही पलों में सांसद को छोड़ दिया। अब नेता जी सांसद जो ठहरे, जिताना तो पड़ेगा ही। इनपुट सहयोग – मोहम्मद एजाज (कटनी), संतोष शितोले (इंदौर), संजीव यादव (अशोकनगर) ये भी पढ़ें –
गणतंत्र-दिवस पर भारत माता की जगह लक्ष्मी माता की पूजा: मंत्रियों ने खाया शाही मिड-डे-मील मध्य प्रदेश को यूं ही अजब-गजब नहीं कहा जाता। यहां आए दिन कुछ न कुछ ऐसा हो ही जाता है, जो चर्चा का विषय बन जाता है। इस बार ऐसा ही एक कारनामा धार जिले के धरमपुरी की पीपल्दागढ़ी पंचायत में देखने को मिला, जहां गणतंत्र दिवस पर भारत माता की जगह लक्ष्मी माता की तस्वीर रखकर पूजा कर दी गई। पूरी खबर पढ़ें