राहुल गांधी के कुरुक्षेत्र दौरे पर मंत्री ढांडा का तंज:बोले-कांग्रेस एक टूटा हुआ तांगा, इसे 10 घोड़े अलग-अलग दिशाओं में खींच रहे

Spread the love

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने कांग्रेस पार्टी की आंतरिक कलह और गुटबाजी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी के कुरुक्षेत्र दौरे और प्रदेश कांग्रेस की स्थिति पर तंज कसते हुए उन्होंने कांग्रेस की तुलना एक ‘टूटे हुए तांगे’ से कर दी। मंत्री ने साफ कहा कि जिस पार्टी के नेता ही एक दिशा में नहीं हैं, वह जनता का भला क्या करेगी। कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा, “आज कांग्रेस की हालत उस टूटे हुए तांगे जैसी हो गई है, जिसमें 10 घोड़े तो लगे हैं, लेकिन विडंबना यह है कि हर घोड़ा उस तांगे को अपनी-अपनी दिशा में खींच रहा है। कोई पूरब भाग रहा है तो कोई पश्चिम। जब खींचने वाले ही अलग-अलग दिशाओं में जोर लगाएंगे, तो वह तांगा आगे बढ़ने के बजाय वहीं बिखर जाएगा। यही हाल आज कांग्रेस के बड़े नेताओं का है।” राहुल और हुड्डा निशाने पर
महिपाल ढांडा यहीं नहीं रुके, उन्होंने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयानों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग भाजपा को ‘इवेंट मैनेजमेंट’ की सरकार कहते हैं, उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कांग्रेस की सरकार ‘लूट-खसोट’ और ‘प्रॉपर्टी डीलिंग’ की दुकान थी। उन्होंने राहुल गांधी के दौरों को महज एक राजनीतिक ढोंग करार देते हुए कहा कि जनता अब इनके बहकावे में आने वाली नहीं है। जश्न का माहौल
यह बयान उन्होंने भाजपा कार्यालय ‘श्याम कमल’ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया, जहां युवा राष्ट्रीय नेतृत्व मिलने पर कार्यकर्ताओं ने भारी जश्न मनाया। इस दौरान विधायक प्रमोद विज भी मौजूद रहे और उन्होंने भी संगठन की मजबूती पर बल दिया।