गुरुवार को एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास ने बताया कि पीड़ित आशुतोष कुमार ने चोरी की शिकायत 13 अगस्त को दर्ज कराई थी। एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि चंदन साव ने मुखियाडांगा में किराये पर कमरा लेकर वहां निर्माण सामग्री रखी थी और इसी दौरान उसने पीड़ित के घर की रेकी की। बाद में उसने सोनू भुंड्या, अभिषेक शर्मा उर्फ रवि शंकर और वीरेंद्र मिश्रा के साथ मिलकर चोरी को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार चंदन साव का जमशेदपुर और सरायकेला के कई थानों में आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। फिलहाल दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपितों की तलाश जारी है।
