राव नरेंद्र के घर घुसने वाले पारदी गैंग के सदस्य:महेंद्रगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़े थे; MP के रहने वाले, 4 दिन के रिमांड पर

Spread the love

हरियाणा के नारनौल में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के आवास में घुसने वाले लोग पारदी गुलेल गैंग के ही सदस्य थे। इसका खुलासा पकड़े जाने के बाद गैंग के सदस्यों ने पुलिस रिमांड के दौरान किया है। महेंद्रगढ़ सीआईए और थाना शहर की संयुक्त टीमों ने 22 मई को हुई एक मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय पारदी गुलेल गैंग के सात बदमाशों को हथियारों सहित पकड़ा था। इस बड़ी कार्रवाई के बाद आरोपियों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपियों में से दो ने 16 मई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर घुसे थे। इसके अलावा नारनौल क्षेत्र से दो बाइक चोरी करने की वारदात में संलिप्त थे। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि अन्य बदमाश भी इसी गैंग के सदस्य थे। कई वारदातों का खुलासा आरोपियों से पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने 14 मई को शहर भिवानी क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद 15 मई को आरोपियों ने शहर महेंद्रगढ़ क्षेत्र में दो बाइक चोरी करने के वारदात को अंजाम दिया था। 16 मई को घुसे थे राव नरेंद्र के घर 16 मई को आरोपियों ने शहर नारनौल क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के आवास स्थान पर घुसने और शहर नारनौल क्षेत्र से दो बाइक चोरी करने की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और मामले में आगामी कार्रवाई जारी है। मुठभेड़ के बाद पकड़ा था पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने 22 मई को सात आरोपियों को गुप्त सूचना के आधार पर शहर महेंद्रगढ़ क्षेत्र से पकड़ा था। इस दौरान हुई मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए थे। पकड़े गए सभी 7 आरोपी मध्य प्रदेश के मूल निवासी हैं। सभी मध्यप्रदेश के रहने वाले जिनकी पहचान मनीराम (निवासी बिलाखेड़ी, गुना), अभय (निवासी कनेरा, गुना), अर्जुन (निवासी कनेरा, गुना), विरेन्द्र (निवासी बिलाखेड़ी, गुना), सुनील (निवासी माधौगढ़, अशोकनगर), चांद (निवासी पटेल नगर, गुना) और विजय (निवासी कनेरा, गुना) के रूप में हुई। दो इनामी बदमाश, हथियार बरामद आपराधिक रिकॉर्ड के अनुसार, इनमें से विजय पर मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा 15,000 रुपए और चांद पर 5,000 रुपए का नकद इनाम घोषित था। इस दौरान पुलिस ने एक आधुनिक स्वचालित पिस्तौल (मैगजीन व 3 जिंदा कारतूस), एक देसी कट्टा (1 खाली खोखा) बरामद किए थे। इसके अलावा, आरोपियों के पिट्ठू बैग से लोहे का नुकीला सरिया, रेती, प्लास, वायर कटर, पेचकस, एक मोबाइल फोन, एक घड़ी और चोरी व सेंधमारी में इस्तेमाल होने वाली गुलेल सहित अन्य सामग्री बरामद हुई थी। 4 दिन के पुलिस रिमांड पर इस संदर्भ में थाना शहर महेंद्रगढ़ में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा पांच आरोपियों को आगे की पूछताछ और अन्य वारदातों के खुलासे के लिए 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि मुठभेड़ में घायल हुए दो आरोपी अभी उपचाराधीन हैं।