गोरखपुर में तेज रफ्तार फार्च्यूनर ने कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। इसमे एक स्कूटी सवार MBBS छात्र की मौत हो गई। फार्च्यूनर की तेज टक्कर से उसकी लाश ओवरब्रिज पर ही लटक गई थी। शाहपुर और कैंट थाने की पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक छात्र को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे का इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस थर्ड ईयर के छात्र आकाश पांडेय (22) के रूप में हुई। पुलिस ने टक्कर मारने वाली फार्च्यूनर कार को कब्जे में ले लिया है। कार ड्राइवर गोल्डेन साहनी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी में एसपी सिटी अभिनव त्यागी पहुंचे। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी ड्राइवर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना बुधवार की रात 10 बजे मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज की है। यह 2 तस्वीर देखिए… अब विस्तार से जानें पूरा मामला आकाश पांडेय बुधवार को होली मनाने के बाद देर शाम अपने मित्र अनूप के घर गया मिलने गया था। वहां उसने रात का खाना खाया। रात करीब 10 बजे वह वापस हुआ। डेढ़ से दो किलोमीटर ही चला था कि रास्ते में मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज से गुजरते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार फार्च्यूनर ने एक-एक करके तीन-चार गाड़ियों को टक्कर मार दी। दूसरी गाड़ियाें में हल्की टक्कर लगी। जबकि आकाश की स्कूटी में सीधी टक्कर लग गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आकाश स्कूटी से उछलकर पांच मीटर दूर पुल की रेलिंग से टकराकर उसी से लटक गया। लटकी हुई हालत में ही उसकी मौत हो गई। करीब 30 मिनट तक लाश ओवरब्रिज पर उलटी हालत में लटकी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एमबीबीएस छात्र की मौत की सूचना पर जिला अस्पताल के मोर्चरी में मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की भीड़ लग गई। हादसे से नाराज डॉक्टर हंगामा करने लगे। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। कार्रवाई का अश्वासन देकर डॉक्टरों को शांत कराया। इस घटना के बाद मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज पर भीड़ लगी रही। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया MBBS छात्र आकाश पांडेय मूल रूप से संत कबीर नगर जिले की रहने वाला बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉर्च्यूनर अनियंत्रित गति से आ रही थी और पीछे से सीधे स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हेलमेट दूर जा गिरा, जबकि छात्र गंभीर रूप से घायल होकर रेलिंग में अटक गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉर्च्यूनर वाहन को जब्त कर लिया गया है, जबकि वाहन चालक और सवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ड्राइवर के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी। मेडिकल छात्र की असमय मौत से कॉलेज परिसर परिसर में गम का माहौल है।
दोस्त रोते हुए बोला- डॉक्टर साहब आप तो जिंदा कर सकते हैं आकाश पांडये की हादसे में मौत की जानकारी पर उसका वह दोस्त अनूप भी मौके पर पहुंचा, जिसके घर से होली मिलकर वह वापस आ रहा था। अनूप चीख-चीखकर रोने लगा। वह बोला, अभी तो यह मेरे घर से खाना खाकर निकला था। डॉक्टर साहब, प्लीज आप तो डॉक्टर हैं, मेरे दोस्त को जिंदा कर दीजिए। वहां मौजूद दूसरे लोगाें ने उसे दिलासा देकर संभाला।
पुलिस ने एक घंटे बाद गाड़ी और ड्राइवर को पकड़ लिया हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई। हादसे वाली जगह से लोगों से जानकारी करने के बाद वायरलेस से दूसरे थानों को सूचना दी गई। उसके करीब एक घंटे बाद पुलिस ने उस काली फार्च्यूनर को ढूंढ निकाला, जिससे हादसा हुआ था। उसके ड्राइवर को भी पकड़ लिया गया। ——— यह खबर भी पढ़ें ‘अगर उनके बच्चे के साथ होता तो बुलडोजर चल जाता’: पिता बोले- माथे के बीच में गोली मारी गई; पूर्व MLC का भतीजा है आरोपी ‘जो मेरे बच्चे के साथ हुआ है, अगर वह उनके बच्चे के साथ होता तो पुलिस होती, झंडे होते, बुलडोजर होता और मेरा घर गिरता। लेकिन, यहां इतना समय बीत गया, कोई कार्रवाई नहीं हुई। हम मान रहे हैं कि लोगों को लगता होगा कि दो दिन ही हुए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर पुलिस एक कदम भी नहीं बढ़ पाई है।’ यहां पढ़ें पूरी खबर
