यूपी के झांसी में गाली देने पर MBA पास बड़े भाई की उसके छोटे भाई ने हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने घर के पीछे 5 फीट गहरी कब्र खोदकर शव को दफना दिया। लाश जल्दी गल जाए, इसके लिए उसने कब्र में 100 किलो नमक डाल दिया। घटना 9 फरवरी की है। उस वक्त घर में दोनों भाई ही मौजूद थे, जबकि मां मायके गई हुई थी। हत्या के अगले दिन मां ने फोन किया, लेकिन बड़े बेटे का मोबाइल स्विच ऑफ आया। उन्होंने छोटे बेटे से बात की तो उसने बताया कि भाई कहीं चले गए हैं। आरोपी ने चार दिन तक परिवार को गुमराह किया। फिर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसके बाद परिजन बेटे की तलाश करते रहे, लेकिन आरोपी भाई को खोजने में रुचि नहीं ले रहा था। इस पर मामा को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। 19 फरवरी को पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाकर पूछताछ की। सख्ती करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस आरोपी को लेकर घर पहुंची, जहां वह 3 घंटे तक पुलिस को गुमराह करता रहा। रात 12 बजे SSP और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। सख्ती बढ़ने पर आरोपी ने कब्र की जगह बताई। इसके बाद शव बाहर निकाला गया। फिलहाल, आरोपी की पत्नी और साला फरार हैं। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। घटना प्रेमनगर थाना के बिहारीपुरा मोहल्ले की है। वारदात से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए- पिता टीचर थे, मां पेशकार से रिटायर्ड झांसी रेलवे स्टेशन से 5 किमी दूर बिहारीपुरा मोहल्ला है। यहां के रहने वाले मिर्जा अकील बेग प्राइमरी स्कूल में टीचर थे। उन्होंने 2500 वर्गफीट में दो मंजिला मकान बनवाया हुआ था। 2022 में रोड एक्सीडेंट में उनकी मौत हो गई थी। उनके दो बेटे तारिक बेग और मशारिक हैं। घरवालों के मुताबिक, पिता की मौत के बाद बड़े बेटे तारिक को अनुकंपा पर चपरासी की नौकरी मिल रही थी। तारिक (40) एमबीए कर चुका था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, इसलिए उसने चपरासी की नौकरी करने से मना कर दिया। इसके बाद यह नौकरी उसके छोटे भाई मशारिक को मिल गई। पिता की मौत के बाद छोटे बेटे को नौकरी मिली थी
मां झांसी न्यायालय में पेशकार के पद से रिटायर्ड हैं। दिमागी हालत ठीक न होने के चलते वह अक्सर अपने मायके में भाइयों के पास रहती हैं। उनका मायका बिहारीपुरा से करीब 10 किलोमीटर दूर पुरानी तहसील मोहल्ले में है। मशारिक ने मोहल्ले में ही रहने वाली लड़की से 9 दिसंबर 2025 को लव मैरिज की थी। ‘मां को गुमराह करता रहा, कहा- भाई कहीं चले गए’
मशारिक करीब सवा साल से रक्सा थाना क्षेत्र के बाजना गांव के स्कूल में चपरासी के पद पर तैनात है। 9 फरवरी को उसकी मां मायके चली गई थीं। 10 फरवरी को उन्होंने बड़े बेटे तारिक से बात करने के लिए कॉल किया, लेकिन उसका नंबर स्विच ऑफ आया। इसके बाद उन्होंने छोटे बेटे मशारिक को कॉल कर तारिक के बारे में पूछा। मशारिक ने कहा कि उसे नहीं मालूम बड़े भाई कहां हैं। वह शायद कहीं बाहर निकल गए हैं। इसके बाद मां ने अगले दिन भी कॉल की, लेकिन तारिक से बात नहीं हो सकी। दोबारा पूछने पर मशारिक ने फिर वही जवाब दिया। इससे मां को चिंता होने लगी और वह बिहारीपुरा स्थित घर आ गईं। इसके बाद मशारिक ने मां और मामा मोहम्मद सलीम को बताया कि तारिक बेग कहीं गुम हो गए हैं। ‘शक न हो, इसलिए खुद गुमशुदगी दर्ज कराई’
परिजनों ने तारिक को खोजने का काफी प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद छोटे भाई मशारिक ने 15 फरवरी को प्रेमनगर थाने में बड़े भाई तारिक की गुमशुदगी दर्ज करा दी। उसने पुलिस को बताया कि बड़े भाई फोन घर पर ही छोड़ गए हैं और उनका कहीं पता नहीं चल रहा है। हत्या को गुमशुदगी दिखाने के लिए मशारिक ने सोशल मीडिया पर रील डालकर लोगों से भाई को खोजने की अपील भी की थी। तारिक के गायब होने के बाद से मशारिक का व्यवहार बदला हुआ नजर आ रहा था। ऐसा लग रहा था मानो कुछ हुआ ही न हो। वह भाई को खोजने में भी रुचि नहीं ले रहा था। इस पर मामा को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। 3 घंटे तक पुलिलवालों को गुमराह करता रहा
पुलिस ने 19 फरवरी को मशारिक से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने बड़े भाई की हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि भाई की लाश घर के पीछे गड्ढा खोदकर दफना दी है। यह सुनकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए। पुलिस की टीम उसे लेकर गुरुवार रात करीब 9 बजे घर पहुंची। दो चपरासियों को बुलाया गया, लेकिन आरोपी पुलिस को गुमराह करने लगा। कभी कहता यहां दफनाया है तो कभी वहां दफनाया है। रात करीब 12 बजे एसपी सिटी प्रीति सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। सख्ती के बाद आरोपी ने वह जगह बताई, जहां लाश दफनाई गई थी। दो सफाईकर्मियों ने गड्ढा खोदा तो तारिक की लाश मिली। आरोपी बोला- भाई ने गालियां दीं, तो मार डाला
मशारिक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 8 फरवरी को उसकी पत्नी मायके चली गई थी। 9 फरवरी को भाई तारिक घर के ग्राउंड फ्लोर पर सो रहा था, जबकि वह ऊपरी मंजिल पर था। सुबह करीब 6 बजे जब वह चाय के लिए नीचे आया और कमरे का गेट खुलवाया, तो भाई ने उसे गालियां दीं। इसके बाद उसने भी गाली दी। दोनों के बीच बहस होने लगी। तारिक ने चाकू उठा लिया, जिसके बाद मैंने कुल्हाड़ी उठाकर उसके माथे और गले पर वार कर दिया। इससे तारिक लहूलुहान होकर गिर पड़ा और थोड़ी देर में उसकी मौत हो गई। भाई की मौत के बाद मैं डर गया और लाश ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। बाजार से नमक खरीदकर लाया और दफना दिया
आरोपी ने बताया- मैंने सोचा कि अगर घर के पिछले हिस्से में गड्ढा खोदकर लाश छिपा दूं, तो किसी को पता नहीं चलेगा। इसके बाद घर के पीछे इंटरलॉकिंग टाइल्स हटाकर करीब 5 फीट गहरा गड्ढा खोदा। बाजार से एक क्विंटल खड़ा नमक खरीदकर लाया। लाश को गड्ढे में डालकर उस पर नमक डाला और मिट्टी से भर दिया। फिर उसके ऊपर पत्थर रख दिए। इसके बाद कुल्हाड़ी और चाकू को भी घर में छिपा दिया। घर में पड़े खून के धब्बों को साफ कर दिया। मुझ पर शक न हो, इसलिए गुमशुदगी की शिकायत भी कराई थी। SSP बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया- एक युवक के लापता होने की शिकायत परिजनों ने दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। पूछताछ के लिए उसके भाई को हिरासत में लिया गया। गुरुवार रात उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर घर से ही युवक की लाश बरामद की गई। फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। इस हत्याकांड में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। —– ये खबर भी पढ़ें कार नहर में गिरी, कारोबारी, पत्नी और बेटे की मौत:औरेया में रात भर गाड़ी पड़ी रही, सुबह टायर दिखा, शादी के फंक्शन से लौट रहे थे औरैया में बेकाबू कार 20 फीट गहरी नहर में गिर गई। हादसे में कारोबारी, उनकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई। पूरा परिवार रिश्तेदार की बेटी की शादी के फंक्शन में शामिल होकर इटावा से औरैया आ रहा था। पूरी खबर पढ़ें
MBA पास भाई का मर्डर करके शव घर में दफनाया:कब्र में 100 किलो नमक डाला; झांसी में पिता टीचर थे, मां रिटायर्ड पेशकार
