विधिक सशक्तिकरण शिविर से लाभुकों को विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ

Spread the love

शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया और सभी अतिथियों का पारंपरिक स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से लगभग 4,068 लाभुकों को 80 करोड़ 30 लाख 66 हजार 820 रुपये मूल्य की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौहम्मद शाकिर ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण जेल में बंद कैदियों को भी न्याय का उचित अवसर प्रदान करता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि शिविर में प्राप्त जानकारी को अन्य ग्रामीणों तक भी पहुंचाएं, जिससे वे भी सरकारी योजनाओं और कानूनी सहायता का लाभ उठा सकें। उन्होंने यह भी बताया कि मोटर यान दुर्घटना वाद के लिए केवल ₹10 का कोर्ट फीस है और पीएलबी पदस्थापित हैं, जो आवेदन लिखने में कठिनाई वाले लोगों की सहायता करते हैं।

जिला उपायुक्त चंदन कुमार ने कहा कि ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य कानून की जानकारी केवल किताबों तक सीमित न रहकर उन तक पहुंचाना है, जो विभिन्न कारणों से न्यायालय या प्रशासनिक कार्यालयों तक नहीं पहुँच पाते।

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने उपस्थित लोगों से शिविर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया और आगामी पर्व-त्योहार की शुभकामनाएं दीं।

समापन के अवसर पर अतिथियों ने 16 विभागों की ओर से स्थापित स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना, गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम के अंतर्गत लाभुकों को लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त ट्राई साइकिल, सड़क दुर्घटना मुआवजा राशि, सामुदायिक निवेश निधि, साइकिल, बैडमिंटन किट, पंप सेट, आइस बॉक्स सहित अन्य परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।