रेवाड़ी के भोहतावास अहीर गांव में 23 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार को महिला का पति अपने दोस्त के पास गया हुआ था। दोनों में रात करीब 11 बजे तक बातचीत होती रही। मंगलवार दोपहर दोपहर ससुर ने देखा तो शव फंदे पर लटकता मिला। सूचना के बाद रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की सूचना मायके वालों को दी। पुलिस को मायके वालों के पहुंचने का इंतजार है। अभी कारणों का पता नहीं चल पाया है।
18 माह पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार खेतावास निवासी 23 वर्षीय निधि की शादी करीब 18 माह पहले भोहतावास अहीर निवासी मोहित के साथ हुई थी। मोहित ईको गाड़ी चलता है। करीब डेढ़ साल की शादीशुदा जिंदगी में दोनों की फिलहाल कोई संतान नहीं है।
सोमवार रात दोस्त के पास था मोहित
बताया जाता है कि सोमवार को मोहित अपने किसी दोस्त के पास गया हुआ था। रात को मोहित घर नहीं पहुंचा। निधि और मोहित में रात करीब 11 बजे तक फोन में बातचीत होती रही। जिसके बाद निधि अपना कमरा बंद कर सो गई।
दोपहर को घटना का पता चला
मंगलवार सुबह निधि अपने कमरे से बाहर नहीं आई। दोपहर को खाने के समय जब मोहित के पिता ने निधि को उठाने के लिए कमरे के अंदर देखा तो निधि का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। जिसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी।
परिजनों के पहुंचने का इंतजार
रामपुरा थाना के एसएचओ संजय कुमार ने कहा कि सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके की जांच कर रही है। निधि की मौत कैसे और कब हुई, फिलहाल इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही वास्तविकता सामने आएगी। आगे की कार्रवाई के लिए अभी हम मायके वालों के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
रेवाड़ी में विवाहिता ने लगाई फांसी, बाहर गया था पति:रात 11 बजे तक हुई बातचीत, दोपहर को फंदे पर लटकती मिली, परिजनों का इंतजार
