करनाल में विवाहिता की जहर पीने से मौत:एक दिन पहले मायके से लौटी थी; परिजनों का दहेज उत्पीड़न का आरोप

Spread the love

करनाल जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी के कुछ महीनों बाद ही एक महिला की जहर खाने से मौत का मामला सामने आया है। महिला कुछ समय से मायके में रह रही थी और एक दिन पहले ही ससुराल लौटी थी। देर रात हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए तंग करने, मारपीट और धमकाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। शादी के बाद से शुरू हुआ उत्पीड़न गांव शेखपुरा के रहने वाले सुन्दर के बेटे नरेन्द्र कुमार ने बताया कि उनकी बहन निशा की शादी 15 फरवरी 2025 को गांव बसताड़ा के रहने वाले बलवंत के बेटे रामनिवास से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। परिवार ने अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया था। नरेन्द्र के अनुसार शादी के कुछ ही दिन बाद से निशा को पति रामनिवास, जेठ अशोक और जेठानी मीना ताने मारने लगे और उसे परेशान किया जाने लगा। कई बार जान से मारने और घर से निकालने की धमकी भी दी गई। थाने में दी शिकायत, 3 बार पंचायत भी हुई परिजनों के मुताबिक निशा ने पहले थाना सरसावा में शिकायत दी थी, जिस पर 27 नवंबर 2025 को मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद घर बसाने के लिए 2–3 बार पंचायत भी करवाई गई, लेकिन ससुराल पक्ष अपने रवैये पर कायम रहा। हालात न सुधरने पर निशा करीब चार से पांच महीने से मायके गांव शेखपुरा में रह रही थी। ससुराल लौटने पर रखने से इनकार नरेन्द्र कुमार ने बताया कि 9 जनवरी 2026 को उनकी बहन मायके से अपने ससुराल गांव बसताड़ा पहुंची थी। इसी दौरान जीजा रामनिवास ने फोन कर बताया कि निशा घर आ गई है। नरेन्द्र ने कहा कि उसे मेहमान की तरह रख लें, लेकिन रामनिवास ने रखने से मना कर दिया। इसके बावजूद निशा ससुराल में ही रहना चाहती थी और वहीं रुक गई। अस्पताल में नहीं दे सकी बयान उसी रात पुलिस को सूचना मिली कि निशा पत्नी रामनिवास निवासी बसताड़ा को जहर खाने के बाद विर्क अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर सब इंस्पेक्टर राममेहर व सिपाही राकेश अस्पताल पहुंचे और बयान के लिए डॉक्टर को लिखित अनुरोध दिया गया, लेकिन डॉक्टर ने निशा को बयान देने के काबिल नहीं बताया। रात करीब 11:20 बजे दोबारा सूचना मिली कि इलाज के दौरान निशा की मौत हो गई है। इसके बाद शव को डेड हाउस करनाल में रखवाया गया। भाई बोला- जहर खाने को मजबूर किया अगले दिन बीती 10 जनवरी को मृतका के भाई नरेन्द्र कुमार थाना मधुबन पहुंचे और लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज मांगने, मारपीट करने और लगातार तंग करने से परेशान होकर या तो उनकी बहन को जहरीली चीज खिला दी गई या फिर वह मजबूरी में जहर खाने पर मजबूर हुई। उन्होंने पति रामनिवास, जेठ अशोक और जेठानी मीना के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप मृतका के परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार समझौते की कोशिश की, लेकिन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। बहन की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। गांव में भी घटना को लेकर चर्चा है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस मधुबन थाना के एसएचओ गौरव पुनिया ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।