खजुराहो के बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि के मौके पर रविवार को सामूहिक विवाह समारोह में 305 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। यह लगातार सातवां आयोजन है। समारोह में 9 देशों के राजदूत आ रहे हैं। मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल, सिंगर विशाल मिश्रा, जुबिन नौटियाल समेत कई हस्तियां शामिल होंगी। इसके अलावा रामभद्राचार्य जी महाराज, इंद्रेश उपाध्याय, अनिरुद्धाचार्य, हनुमानगढ़ी के राजूदास महाराज और दूसरे संत शामिल होंगे। अर्जेंटीना, चिली, पेरू, उरुग्वे, इक्वाडोर, कोलंबिया, पनामा, भारत और दक्षिण अफ्रीका के राजदूत भी शामिल हो रहे हैं। गुजरात के राजकोट से 40 मेकअप आर्टिस्ट की टीम दुल्हनों को तैयार कर रही है। वे मेकअप और हेयर स्टाइल बनाएंगे। सभी दुल्हनों का मेकअप एक जैसा होगा। टीम ने सुबह 6 बजे दुल्हनों को तैयार करना शुरू कर दिया है। टीम के मेकअप आर्टिस्ट ने बताया कि दुल्हनों को तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स विदेश से इंपोर्ट किए गए ब्रांडेड आइटम हैं। 305 दुल्हनों को तैयार करने में लगभग एक लाख रुपए का खर्च आएगा, यह खर्च हमारी टीम उठा रही है। धाम पर सुबह 7 से 8 बजे के बीच बारात का स्वागत नागपुर से लाई गई रबड़ी से किया गया।
महाशिवरात्रि पर बागेश्वर धाम में 305 बेटियों की शादी:9 देशों के राजदूत आएंगे; सिंगर जुबिन नौटियाल और रामभद्राचार्य समेत कई हस्तियां होंगी शामिल
