गुरुग्राम में निर्माणाधीन-बिल्डिंग में मिला 10वीं के छात्र का शव:पीठ पर घसीटने के निशान, सिर पर चोट, परिजनों को मर्डर का शक

Spread the love

गुरुग्राम जिले में मानेसर इलाके में 17 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले आकाश तिवारी का शव एक खंडहरनुमा निर्माणाधीन इमारत की पहली मंजिल के छज्जे पर मिला। बुधवार को परिजनों ने पुलिस के सामने आकाश की हत्या का शक जताया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। मानेसर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। अयोध्या के रहने वाले, मानेसर में रहता है परिवार आकाश का परिवार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के इशापुर गांव का है। उनके पिता रंजीत तिवारी एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार पिछले कुछ समय से मानेसर की श्री श्याम कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रहा था। आकाश पढ़ाई में होशियार था और जेडी पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था परिजनों ने बताया कि 8 फरवरी को सुबह छह बजे आकाश मॉर्निंग वॉक करने के लिए घर से निकला था। दो घंटे तक वापस नहीं आया, तो उसके पिता रंजीत ने तलाश शुरू की। करीब पौने नौ बजे मानेसर थाने में कॉल किया और गुमशुदगी की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस भी तुरंत हरकत में आई। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य पूरी कॉलोनी के लोग आकाश को ढूंढते रहे और दोपहर बाद जब पुलिस की टीम मानेसर गांव के पास एक खंडहर बिल्डिंग में गई, तो वहां आकाश मृत हालत में फर्स्ट फ्लोर पर पड़ा मिला। पुलिस ने डॉग स्कवायड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और साक्ष्य एकत्र किए। इन 4 पॉइंटों से हत्या का शक कमर पर घसीटने के निशान: पिता रंजीत ने बताया कि आकाश उल्टा लेटा मिला है। उसका सिर लेंटर से बाहर और धड़ लेंटर पर था। टीशर्ट और शरीर पर पीछे से घसीटने के निशान हैं, पैर पर पैर चढ़ा हुआ है। इससे संदेह पैदा होता है। सिर के अलावा कोई चोट नहीं: उनका कहना है कि तीसरी और चौथी मंजिल से कोई गिरेगा, तो सिर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट आएगी, लेकिन आकाश को केवल सिर में ही चोट आई है। यहां तीन मंजिल का बेसमेंट है। गिरने वाली चोट नहीं: आकाश के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले, जो गिरने से होने वाली चोट से मेल नहीं खाते। इससे परिजनों को शक हुआ कि किसी ने उसे धक्का देकर या मारपीट कर मौत के घाट उतारा। परिवार ने मांग की कि मामले की गहन जांच हो और हत्या के एंगल से जांच की जाए। खंडहर में डेडबॉडी मिलने से संदेह: परिवार का कहना है कि आकाश किसी विवाद में नहीं था, न ही वह किसी गलत संगत में शामिल था। फिर भी सिर पर चोट और खंडहर वाली जगह पर शव मिलना संदेह पैदा करता है। मामले की जांच कर रही पुलिस मानेसर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस सक्रिय है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा किए जा रहे हैं। लोगों से पूछताछ की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। अगर आकाश की मौत में किसी भी व्यक्ति का किसी भी तरह से हाथ मिलता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।