काशी के मणिकर्णिका घाट के टूटने के बाद काशी से लेकर इंदौर तक इसका विरोध हो रहा है। शुक्रवार को BJP विधायक नीलकंठ तिवारी घाट पर पहुंचे। 2 घंटे स्थितियां देखने के बाद उन्होंने कहा- कोई मंदिर, मूर्ति क्षतिग्रस्त नहीं है, विपक्ष AI से बनाए हुए वीडियो वायरल कर रहा है। अहिल्याबाई की जो मूर्ति हटी है, वो मणि पर ड्रिलिंग के दौरान हुए वाइब्रेशन से हुई। इन मूर्तियों को संस्कृति विभाग ने संरक्षित किया गया है। सभी मूर्तियों को दोबारा स्थापित कर दिया जाएगा। वहीं, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा- मणिकर्णिका घाट बनने के बाद सबको फायदा होगा, मगर इसको बनाने से पहले मूर्तियों को शिफ्ट कर देना चाहिए था। सपा, कांग्रेस के विरोध को जानिए शुक्रवार को कांग्रेस के पदाधिकारी DM ऑफिस पहुंचे। कहा- वाराणसी में विकास के नाम पर सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। मां अहिल्याबाई होल्कर से जुड़े धार्मिक स्थलों और धरोहरों को नुकसान पहुंचाना गलत है। अब इस मामले में BJP के पदाधिकारियों की इंट्री हुई। मणिकर्णिका घाट के तीर्थ पुरोहित के साथ जनप्रतिनिधियों ने मुलाकात की। नीलकंठ तिवारी के सामने सभी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा- संस्था के कर्मचारी जब बुलडोजर चला रहे थे, तब रोका गया, लेकिन मौके पर कोई अधिकारी नहीं था। लोगों ने कहा कि ऐसा कौन सा पत्थर लगाया जाएगा जो हेरिटेज कहलाएगा। वहीं, चन्द्र शेखर ने X पर लिखा- माता अहिल्याबाई होल्कर की पुरानी मूर्तियों का तोड़ा जाना शर्मनाक है। PM इस मामले में जांच करवाएं। लोकमाता के सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता है। बता दें कि काशी के मणिकर्णिका घाट को तोड़ा जा रहा है। यहां नए सिरे से घाट तैयार होगा, इसकी डिजाइन फाइनल है। मणिकर्णिका घाट को साल-1771 में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर ने बनवाया था। फिर 1791 में उन्होंने ही इसका जीर्णोद्धार कराया था। बुधवार को लोगों ने जब मलबे में अहिल्याबाई की मूर्ति देखी, तो विरोध शुरू कर दिया। वहीं, लोगों के विरोध के बाद DM सत्येंद्र ने कहा- घाट की मूर्तियों को नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। उन्हें सुरक्षित रखा गया है। कुछ लोग AI से घाट के गलत वीडियो बनाकर जारी कर रहे हैं। ऐसे लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। दरअसल, PM मोदी ने साल- 2023 में इस काम का शिलान्यास किया था। बाढ़ की वजह से करीब डेढ़ साल से काम बंद था। अब इस प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा करने की कोशिश की जा रही है। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट को नए तरीके से तैयार किया जाएगा। मणिकर्णिका घाट को लेकर चल रही सियासत के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
मणिकर्णिका घाट-BJP विधायक बोले-अहिल्याबाई की मूर्ति वाइब्रेशन से हटी:राज्यमंत्री ने कहा- पहले मूर्तियां शिफ्ट होनी चाहिए थीं; चंद्रशेखर ने कहा-PM जांच कराएं
