महेंद्रगढ़ जिले में सोमवार देर शाम एक ट्राले की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। शहर थाना पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नेपाल के रोल्पा जिले के घोड़ा गांव निवासी मन बहादुर बस्नेत के रूप में हुई है। वह महेंद्रगढ़ में कुरहावटा रोड के पास किराए के मकान में रहकर रेहड़ी पर सब्जी बेचता था। मन बहादुर शादीशुदा था और उसके 3 बेटे हैं। भाई के साथ बाजार से लौट रहा था मन बहादुर का बड़ा भाई चंद्र बहादुर बस्नेत भी 30 मार्च को उससे मिलने महेंद्रगढ़ आया हुआ था। चंद्र बहादुर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार शाम लगभग 7:15 बजे वे दोनों भाई शहर से सामान खरीदकर अपने कमरे पर जा रहे थे। मन बहादुर आगे चल रहा था और चंद्र बहादुर उसके पीछे था। ट्राले ने मारी टक्कर जब वे राव तुलाराम चौक, कुरहावटा मोड़ पर पहुंचे, तभी दादरी की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राले ड्राइवर ने अचानक कुरहावटा मोड़ की तरफ मोड़ दिया और मन बहादुर को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मन बहादुर सड़क पर गिर गया और ट्राले का पिछला टायर उसके सिर पर चढ़ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। भीड़ का फायदा उठाकर ड्राइवर फरार हादसे के बाद ट्राला ड्राइवर भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। परिजन मन बहादुर को तुरंत महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चंद्र बहादुर बस्नेत के बयान पर ट्राला ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महेंद्रगढ़ में ट्राले की टक्कर से व्यक्ति की मौत:बाजार से लौट रहा था, नेपाल का रहने वाला, 3 बच्चों का पिता
