अंबाला में चंडीगढ़ रोड पर सुल्तानपुर कट के पास एक सड़क हादसे में 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वह पंजाब के दप्पड़ में एक शादी समारोह से लौट रहे था। रास्ते में बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। इसी दौरान रोड पार करते समय वॉल्वो बस ने उनको टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वॉल्वो बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव मंगलई के रहने वाले राहुल ने पुलिस को बताया कि उनके पिता सुरेंद्र 20 फरवरी को पंजाब के गांव तोगापुर (दप्पड़) में एक शादी में शामिल होने गए थे। शनिवार, 21 फरवरी की रात करीब 8:15 बजे सुरेंद्र ने अपनी बेटी पायल से फोन पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया है और वे थोड़ी देर में घर पहुंचेंगे। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। परिवार रात भर उनका इंतजार करता रहा। सड़क पार करते समय मारी बस ने टक्कर प्रत्यक्षदर्शी अजय कुमार के अनुसार, सुरेंद्र सुल्तानपुर कट पर पैदल सड़क पार कर रहे थे। तभी चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक वॉल्वो बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। वॉल्वो बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज हादसे की सूचना के बाद बलदेव नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उनकी पहचान गांव मंगलई निवासी सुरेंद्र के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचित किया और शव को अंबाला शहर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के बेटे राहुल के बयान पर बलदेव नगर थाना पुलिस ने अज्ञात वॉल्वो बस ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की नई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी SI राकेश ने बताया कि… सुरेंद्र के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। बस चालक एक्सीडेंट के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस सड़क पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की मदद से बस की पहचान करने में जुटी है।
अंबाला में वॉल्वो बस ने व्यक्ति को कुचला, मौत हुई:शादी से लौटते समय बाइक का पेट्रोल खत्म हुआ; रोड पार करते समय हादसा
