गोहाना में भेड़ चोरी के बाद व्यक्ति ने किया सुसाइड:पत्नी बोली-3 जनों ने अपमानित किया; कहा-‘पशु वापस दो, तुम फांसी खाओ या गोली’

Spread the love

सोनीपत जिले के खेड़ी दमकन गांव में एक भेड़पालक द्वारा फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त करने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान राजेंद्र के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से भेड़ पालन कर अपने परिवार का गुजारा कर रहे थे। आरोप है कि भेड़ मालिकों द्वारा उन पर चोरी का झूठा आरोप लगाने और सरेआम बेइज्जत करने से दुखी होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। जाने क्या है पूरा मामला? मृतक की पत्नी राजवंती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 जनवरी और 1 फरवरी की दरमियानी रात उनके पशुबाड़े से करीब 25 भेड़ें चोरी हो गई थीं। इस संबंध में थाना सदर गोहाना में पहले से ही मुकदमा नंबर 46/2026 दर्ज है। राजेंद्र अपनी भेड़ों के साथ-साथ गांव के ही कुछ अन्य लोगों (वेदप्रकाश, सत्ते और सुबेसिंह) की भेड़ें भी चराई/साझेदारी पर रखते थे। अपमान और धमकियों ने तोड़ा हौसला राजवंती के अनुसार, चोरी की घटना के बाद से ही भेड़ मालिक उनके पति पर शक कर रहे थे और उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। फोन पर गाली-गलौज: शनिवार को जब राजेंद्र सरपंच के साथ थाने गए थे, तब आरोपी कमलेश (वेदप्रकाश की पत्नी) ने सरपंच के फोन पर कॉल कर राजेंद्र को गंदी गालियां दीं और पंचायत में थप्पड़ मारने व बेइज्जत करने की धमकी दी। घर आकर दी धमकी: आरोप है कि वेदप्रकाश ने घर आकर राजेंद्र को धमकाया कि “पशु वापस दे दो, चाहे तुम फांसी खाओ या गोली।” चोरी का आरोप: सुबेसिंह नामक व्यक्ति ने भी राजेंद्र को चोर बताते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। इन आरोपों और धमकियों से आहत होकर राजेंद्र ने 7 फरवरी की शाम को अपने पशुबाड़े में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तीन पर दर्ज किया केस घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना गोहाना पुलिस हरकत में आई। SI रतन सिंह ने खानपुर स्थित BPS मेडिकल कॉलेज पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने राजवंती की शिकायत पर आरोपी कमलेश, वेदप्रकाश और सुबेसिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।