मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कोहरे के बीच रविवार को ग्वालियर, मुरैना, धार और उज्जैन में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, श्योपुर और मुरैना में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। आंधी की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है, वहीं चार दिन तक प्रदेश में मावठा गिरने के आसार हैं। इसके अलावा भिंड, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा और राजगढ़ में आंधी-बारिश की चेतावनी है। भोपाल, इंदौर, सागर, विदिशा और रतलाम में बादल छाए रहने की संभावना है। इससे पहले छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में सुबह मध्यम कोहरा रहा, जबकि भोपाल और इंदौर में भी कोहरे का असर दिखा। वहीं प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच श्रद्धालु माघ पूर्णिमा का स्नान करने नर्मदा के घाटों पर पहुंच रहे हैं। अगले तीन दिन का पूर्वानुमान 2 फरवरी: ग्वालियर, भोपाल, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना। 3 फरवरी: ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में कहीं-कहीं बारिश। 4 फरवरी: छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में बारिश का अलर्ट, जबकि ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया समेत कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा। देखिए तस्वीरें पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने से यह स्थिति बनी है। 2 से 5 फरवरी के बीच इसका असर ज्यादा रहेगा, जिससे 10 फरवरी तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। साथ ही जेट स्ट्रीम हवाओं के कारण प्रदेश में सर्द हवाएं चल रही हैं और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सिस्टम लौटने पर बढ़ेगी ठंड
पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और बारिश के बाद जब यह सिस्टम वापस लौटेगा, तब प्रदेश में ठंड का एक और दौर आ सकता है। दिन-रात के तापमान में गिरावट के आसार हैं। शनिवार को ग्वालियर, रीवा और दतिया में घना कोहरा रहा, जबकि 20 से अधिक जिलों में मध्यम कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान के लिहाज से छतरपुर का खजुराहो सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है।
कड़ाके की ठंड में माघ पूर्णिमा का स्नान:MP में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय; धार, ग्वालियर, मुरैना और उज्जैन में बारिश
