LU- केंद्रीय प्रवेश प्रणाली से होंगे एडमिशन:5 जिलों के प्राचार्यो को निर्देश जारी, कुलपति ने प्रस्ताव पर लगाई मुहर

Spread the love

लखनऊ विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में 2026-27 सत्र में UG और PG प्रवेश केंद्रीयकृत प्रवेश प्रणाली के तहत होंगे। छात्रों को समर्थ पोर्टल पर आवेदन करना होगा। महाविद्यालयों को सीट विवरण और सहभागिता शुल्क भेजना होगा। गुरुवार को कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने इसकी मंजूरी दे दी। इस संबंध में लखनऊ सहित हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और रायबरेली के कॉलेज के प्राचार्यों को निर्देश जारी किए गए हैं। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय विवि प्रवेश सहभागिता शुल्क जमा करके अपने महाविद्यालय में संचालित अलग-अलग पाठ्यक्रमों में छात्र-छात्राओं का प्रवेश केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम ले सकते हैं। नए सत्र में प्रवेश के लिए कॉलेज अपने यहां खाली सीटों को भरने के लालच में विश्वविद्यालय को गुमराह नहीं कर सकेंगे। पिछले सत्र में जिस तरह से निर्धारित अवधि के बाद भी प्रवेश लिए गए। अगर इस बार प्रवेश लिया जाएगा तो स्टूडेंट्स परीक्षा फॉर्म नहीं भर सकेंगे। इसके लिए कॉलेज स्वयं जिम्मेदार होगा। सेल्फ फाइनेंस कोर्स में ले सकेंगे प्रवेश केंद्रीय प्रवेश प्रणाली के तहत संबद्ध महाविद्यालय सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे। इसके लिए कॉलेज प्राचार्य अपने यहां संचालित पाठ्यक्रमों का विवरण निर्धारित सहभागिता शुल्क आरटीजीएस के माध्यम से जमा कर सकते हैं। वहीं, पाठ्यक्रमों का विवरण भी ई-मेल centralizedadmission26@gmail पर 31 मई तक भेज सकेंगे। UG-PG के छात्र 10 तक जमा करें शुल्क लखनऊ विश्वविद्यालय में UG और PG के स्टूडेंट्स दूसरे सेमेस्टर में प्रवेश लेने के लिए 10 अप्रैल तक शुल्क जमा कर सकेंगे। इस संबंध में विश्वविद्यालय ने गुरुवार को अपनी समय सीमा बढ़ा दी है। इससे पहले अंतिम तारीख 27 मार्च थी।