नूंह में प्रेमी जोड़े का अपहरण, बंधक रखा:युवती बोली-अपनी मर्जी से युवक संग रह रही; ऑनर किलिंग की धमकी, 24 लाख वसूले

Spread the love

हरियाणा के नूंह जिले में प्रेमी युगल के अपहरण और बंधक बनाने का मामला सामने आया है। युवती ने अपने ही परिजनों पर अपहरण, जान से मारने की धमकी और ₹24 लाख की जबरन वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब मामले में आगे की छानबीन में लगी है। नूंह की रहने वाली एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से युवक शराफत के साथ रह रही थी। उसके परिजनों ने दोनों का साथ रहना पसंद नहीं था और उनको धमकियां देना शुरू कर दिया। युवती का कहना है कि 9 नवंबर 2025 को उसे बहाने से नूंह बुलाया गया। वहां आरोपियों ने जबरन उसका अपहरण कर लिया। वहीं उसके साथी शराफत को भी पकड़कर अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया। ऑनर किलिंग की धमकी और 24 लाख रुपए की वसूली युवती ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने दोनों को जान से मारने और ऑनर किलिंग की धमकी दी। साथ ही शराफत के परिवार पर दबाव बनाते हुए 24 लाख रुपए की मांग की गई। आरोप है कि डर के माहौल में शराफत के पिता को गांव बघोला में अपनी कृषि भूमि बेचकर 24 लाख रुपए देने पड़े, ताकि उनके बेटे और परिवार को सुरक्षित छोड़ा जा सके। सामाजिक बहिष्कार की धमकी शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने दोनों को अलग कराने के लिए फर्जी दस्तावेज और हलफनामा तैयार कराया। साथ ही उन्हें सामाजिक बहिष्कार और झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। हाईकोर्ट में दायर हुई याचिका मामले की शिकायत के बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में हैबियस कॉर्पस याचिका भी दायर की गई थी। इसके बाद पुलिस ने युवती के बयान दर्ज किए। फिलहाल युवती और उसका साथी दोनों लगातार डर के साए में रहने की बात कह रहे हैं। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी सदर थाना फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष ने बताया कि शिकायत के आधार पर 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।