बहादुरगढ़ में तिरपाल फैक्टरी में आग लगने से लाखों का नुकसान

Spread the love

एमआइई में गुरुवार की आधी रात के बाद बंसल लेमीफैम फैक्टरी भवन के ऊपरी हिस्से में बने शेड में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे शेड को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्टरी में तिरपाल बनाने का काम होता था। आसपास के लोगों ने उठते धुएं और लपटों को देखकर तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की पांच गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। मगर आग इतनी अधिक थी कि दमकल कर्मियों को स्थिति पर नियंत्रण पाने में लगभग पांच घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। गनीमत यह रही कि आग लगने के समय फैक्टरी में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आग से शेड में रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोहे का सामान भी हीट के कारण क्षतिग्रस्त हो गईं। फैक्टरी मालिक को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। लेकिन नुकसान लाखों में है। कंपनी मालिक मुकेश बंसल ने बताया कि आग फैक्टरी के ऊपरी हिस्से में बने शेड में लगी थी। आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही पता चल सकेगा।