लोकायुक्त टीआई संदीप भदौरिया ने बताया कि शिकायतकर्ता राजेश सिंह ने 4 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी राजेश सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि जमीन विवाद को लेकर नायब तहसीलदार चुरहट ने स्टे आदेश जारी किया था। इस आदेश के बाद पटवारी शिव प्रताप सिंह को प्रतिवेदन तैयार करना था। जिसके लिए पटवारी ने उनके पक्ष में रिपोर्ट बनाने के लिए 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने जांच में शिकायत काे सही पाया। लाेकायुक्त ने याेजना बनाकर शनिवार को कार्रवाई के दौरान पटवारी शिव प्रताप सिंह को शिकायतकर्ता से 2 हजार रुपये की नकद राशि लेते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद लोकायुक्त टीम आरोपी पटवारी को सीधी सर्किट हाउस ले गई, जहां उससे पूछताछ और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, टीम अब पटवारी के मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य संबंधित दस्तावेजों की भी जांच करेगी ताकि रिश्वतखोरी की पुष्टि हो सके और इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके।
सीधी में लोकायुक्त की कार्रवाई, पटवारी 5 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार
