नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने बकाया वेतन की मांग को लेकर आज निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध जताया। दुर्गा पूजा के चार दिन बीत जाने के बाद भी वेतन नहीं मिलने से कर्मचारी नाराज हैं। सरकार द्वारा वेतन भुगतान का निर्देश देने के बावजूद अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि त्योहार के समय वेतन न मिलने से उनके परिवारों पर आर्थिक संकट छा गया है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि आकांक्षा प्राइवेट कंपनी के कॉन्ट्रैक्ट कर्मियों को वेतन और बोनस दोनों मिल चुके हैं, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द वेतन नहीं मिला तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। नगर आयुक्त प्रशांत लायक ने कहा कि कुछ कर्मचारियों को भुगतान किया जा चुका है। शेष कर्मचारियों से बातचीत जारी है और जल्द ही उनका भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
सफाई कर्मचारियों का वेतन नहीं मिलने पर हड़ताल:निगम कार्यालय पर लगाया ताला, अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की दी चेतावनी
