पानीपत शहर के तहसील कैंप स्थित अशोक नगर में बीती रात बदमाशों ने सरेआम गुंडागर्दी का नंगा नाच किया। करीब 10-12 नकाबपोश युवक लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर एक घर में घुस गए और सोते हुए परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए युवक के हाथ-पैर रॉड से तोड़ दिए और इस पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर स्टेटस भी लगाया। घायल युवक को इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं, मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा मौत का तांडव पीड़िता साजिदा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 12:30 बजे वह अपने पति परमजीत सिंह घर में सो रही थी। चाचा ससुर नरेंद्र सिंह भी अपने कमरे में सोए हुए थे। अचानक शोर हुआ और 10 से 12 हमलावर घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। हमलावरों के हाथों में रॉड और बिंडे (लाठी) थे। पत्थर पर पैर रख रॉड से किए वार, बनाया वीडियो साजिदा के मुताबिक, हमलावरों ने परमजीत को पकड़ लिया और उसके देवर अमनदीप के बारे में पूछने लगे। जब उन्होंने परमजीत को पीटना शुरू किया, तो क्रूरता की पराकाष्ठा देखी गई। आरोपियों ने परमजीत का दायां पैर दरवाजे की ईंटों की फड़ी (चौखट) पर रखा और रॉड से वार कर उसे बुरी तरह तोड़ दिया। इसके बाद बाएं हाथ पर भी ताबड़तोड़ वार किए गए। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान एक हमलावर अपनी बहादुरी दिखाने के लिए इस मारपीट की लाइव वीडियो बना रहा था। पत्नी गिड़गिड़ाती रही, चाचा को कमरे में किया बंद जब साजिदा और चाचा नरेंद्र सिंह ने परमजीत को बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने चाचा को कमरे में बंद कर दिया और साजिदा के बाल पकड़कर उसे धक्का दे दिया। साजिदा हमलावरों के पैरों में गिरकर अपने पति की जान की भीख मांगती रही, लेकिन वे उसे घसीट-घसीट कर पीटते रहे। शोर मचाने पर जब पड़ोसी इकट्ठा हुए, तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हालत गंभीर, निजी अस्पताल में भर्ती परमजीत को खून से लथपथ हालत में पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कल्पना चावला अस्पताल, करनाल रेफर कर दिया। हालांकि, परिजनों ने अत्यधिक खून बहता देख उसे पानीपत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपियों ने स्टेटस पर लगाया वीडियो साजिदा ने पुलिस को बताया कि इस हमले के पीछे प्रीतम, अंशुल मलीन, गोल्लू, संजीत और सपाटा मुख्य रूप से शामिल थे। आरोपी प्रीतम ने इस वारदात का वीडियो अपने मोबाइल के व्हाट्सएप स्टेटस पर भी लगाया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस कार्रवाई: तहसील कैंप थाना पुलिस ने साजिदा की शिकायत पर नामजद और अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है और उस वीडियो को भी कब्जे में लेने की कोशिश की जा रही है जिसे आरोपियों ने वायरल किया है।
पानीपत में खूनी खेल का लाइव टेलीकास्ट:रॉड से तोड़े पैर, फिर VIDEO बनाकर सोशल मीडिया पर किया पोस्ट, दहशत में इलाका
