जींद में जेल लौटने से पहले उम्र कैदी की मौत:पत्नी के मर्डर में मिली सजा; 35 दिन की पैरोल पर था, साले-भाई पर आरोप

Spread the love

हरियाणा के जींद में पैरोल पर आए एक उम्र कैदी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसको पत्नी की हत्या के केस में कोर्ट ने सजा सुनाई थी। उसे 27 जनवरी को जेल लौटना था, लेकिन उससे पहले ही वह घर पर मृत हालत में मिला। उसकी मौत पर परिवार में भी घमासान मचा है। भाई ने उसके साले पर हत्या के आरोप लगाए हैं, वहीं बेटी ने अपने चाचा के परिवार पर। पुलिस इसमें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। मृतक उम्र कैदी की पहचान जींद में सफीदों क्षेत्र के गांव बहादुरगढ़ निवासी महिपाल (45) के तौर पर हुई है। महिपाल 35 दिन की पैरोल पर घर आया हुआ था। सूचना के बाद सफीदों थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पत्नी की हत्या में हुई सजा महिपाल, उसके भाई सुभाष व दो अन्य को वर्ष 2024 में जींद कोर्ट ने महिपाल की पत्नी पिंकी की हत्या के केस में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। पिंकी की हत्या कर उसके शव को 28 सितंबर 2018 को गांव सिंघाना के पास झाड़ियों में फेंका गया था। पैरोल पर आए दोनों भाई, एक की मौत कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद महिपाल और उसका भाई सुभाष दोनों जींद जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे थे। अब दोनों को एक साथ पैरोल मिली थी और वे घर आए हुए थे। लेकिन महिपाल की जेल लौटने से पहले ही मौत हो गई। मौत के बाद मामला उलझ गया है। अब परिवार के ही सदस्य एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मृतक के भाई सुभाष का आरोप है कि महिपाल की हत्या उसकी पत्नी के भाई (साले) व उसके साथियों ने अपनी बहन की हत्या का बदला लेने के लिए की है। वहीं दूसरी तरफ महिपाल की बेटी ने अपने चाचा सुभाष पर ही पिता की हत्या के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं, लेकिन कोई केस दर्ज नहीं किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई सदर थाना सफीदों पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया है। थाना प्रभारी के अनुसार, शरीर पर चोटों के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि मौत जहर, गला घोंटने या किसी अन्य कारण से हुई।