हरियाणा के फरीदाबाद में भाजपा के 2 मंत्रियों की गुटबाजी एक बार फिर खुलकर दिखाई दी। सेक्टर-12 के टाउन पार्क में बनी लाइब्रेरी का एक ही दिन में 2 मंत्रियों ने उद्घाटन कर दिया। पहले राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर के साथ मंत्री विपुल गोयल और राजेश नागर ने उद्घाटन का रिबन काटा। उसके 2 घंटे बाद अपने गुट के साथ पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने दोबारा से लाइब्रेरी का रिबन काट दिया। वहीं आयोजकों का कहना है कि कृष्णपाल गुर्जर को प्रोग्राम का चीफ गेस्ट बनाया गया था, लेकिन उससे पहले ही राजेश नागर गुट ने रिबन काट दिया। उन्होंने लाइब्रेरी के अंदर अपना बैनर भी लगवा दिया। अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा मामला… विपुल ने गुर्जर के उद्घाटन बोर्ड से कपड़ा हटाया
लाइब्रेरी के उद्घाटन के लिए जो बोर्ड लगाया गया था उसमें मुख्य अतिथि केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर को बनाया गया था। मंत्री विपुल ने राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर के साथ बोर्ड पर लगा कपड़ा हटाया और उसके सामने खड़े होकर फोटो खिंचवाए। जिसके बाद तीनों ने मिलकर रिबन भी काटा। इस पर मंत्री गोयल ने कहा कि अब उद्घाटन हो गया है। कौन क्या कर रहा है, यह उनके संज्ञान में नहीं है। प्रोटोकाल के हिसाब से सभी के नाम बोर्ड पर थे। कही कोई खींचतान नही है. सभी लोग मौके पर उपस्थित थे। कृष्णपाल गुर्जर बोले सरकारी सूचना पर आया
मामले में मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि विभाग की तरफ से मुझे सूचना दी गई थी। वह तय समय पर उद्घाटन करने यहां आए। उन्हें बताया गया था कि उन्हें इसका उद्घाटन करना है। विभाग ने जो उद्घाटन का पत्थर लगाया है उस पर भी मेरा नाम है। अब कौन क्या कर गया मुझे इसकी जानकारी नहीं है।
फरीदाबाद में ढाई घंटे में लाइब्रेरी का 2 बार उद्घाटन:पहले मंत्री विपुल गुट ने रिबन काटा, फिर विधायकों के साथ पहुंचे कृष्णपाल गुर्जर
