दिल्ली को दुनिया की सबसे खूबसूरत राजधानी बनाना है : उपराज्यपाल

Spread the love

दिल्ली को दुनिया की सबसे खूबसूरत राजधानी बनाना है : उपराज्यपाल

नई दिल्ली, 14 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि हमें दिल्ली को दुनिया की सबसे खूबसूरत राजधानी बनाना है। उन्होंने दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को दिल्ली नगरपालिका परिषद की तरह अपने क्षेत्र को हरित, सुंदर और स्वच्छ रखने की सलाह दी।

उपराज्यपाल शुक्रवार को सिविक सेंटर के केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘स्वच्छता सैनिकों के साथ संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कहा कि दिल्ली के लोगों ने बदलाव के लिए नया नेतृत्व चुना है और इस बदलाव का उन पर सकारात्मक प्रभाव होगा। उन्होंने कोविड-19, बाढ़ और जी 20 के समय सफाई कर्मचारियों के कामों की प्रशंसा की।

उपराज्यपाल ने सफाई कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आप दिल्ली की रीढ़ हैं और आपके बिना स्वच्छ दिल्ली की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने कोविड-19 महामारी, यमुना नदी की बाढ़ और जी-20 शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन जैसे चुनौतीपूर्ण समय के दौरान उनके समर्पण की सराहना की।

उपराज्यपाल ने कहा कि आज हम ऐसे समय में मिल रहे हैं, जब दिल्ली की जनता ने बदलाव करके नई सरकार चुनी है। यह बदलाव सफाई कर्मचारियों के लिए भी एक चुनौती है। दरअसल, जनता द्वारा लाया गया यह बदलाव तभी दिखाई देगा, जब दिल्ली पूरी तरह से स्वच्छ और हरी-भरी हो जाएगी। सफाई कर्मचारियों ने दिल्ली को साफ करने के लिए पुरजोर प्रयास किए हैं, हालांकि ये प्रयास कम पड़ रहे हैं। हमें अभी और मेहनत करनी है और दिल्ली को स्वच्छ बनाना है।

उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ रखना एमसीडी की जिम्मेदारी है। एमसीडी कई क्षेत्रों में अच्छा काम कर रही है, लेकिन कई क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। सफाई कर्मचारी सैनिकों की तरह होते हैं। सैनिक कभी अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटते। जिन क्षेत्रों पर पहले ध्यान नहीं दिया जा सका, वहां आज से ही विशेष अभियान शुरू किया जाना चाहिए, ताकि दिल्ली को कचरा मुक्त बनाया जा सके।

उपराज्यपाल ने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए हमारे पास सिर्फ पांच महीने थे। मैंने अपने नेताओं को आश्वस्त किया था कि मुझे अपने कर्मचारियों पर भरोसा है। आप लोगों ने सड़कों पर सात लाख गमले लगाकर ऐतिहासिक काम किया था। रात में निरीक्षण के दौरान भी कर्मचारी तैनात मिलते थे।

उपराज्यपाल ने कहा कि बड़े फैसले लेते समय डरना गलत नहीं है लेकिन डरकर फैसले न लेना गलत है। अगर आप सच्चे मन से फैसला लेंगे तो कोई समस्या नहीं होगी। हमें दिल्ली को दुनिया की सबसे खूबसूरत राजधानी बनाना है। मैं दिल्ली के लोगों से भी आग्रह करता हूं कि वे दिल्ली को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें।

दिल्ली के महापौर महेश कुमार ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारी दिल्ली को स्वच्छ बनाने के लिए कड़ी मेहनत और लगन से काम करते हैं। महापौर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की लगन और समर्पण सराहनीय है। दिल्ली नगर निगम के सफाई महकमे के अधिकारियों और स्वच्छता सैनिकों ने नई ऊर्जा और जोश के साथ दिल्ली को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।

—————