नारनौल में खेतों में दिखाई दिया तेंदुआ, VIDEO:राजस्थान बॉर्डर से सटे इलाकों में दहशत; सरपंच बोले- अक्सर आ जाते हैं वन्य प्राणी

Spread the love

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल उपमंडल के नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव दताल में राजस्थान सीमा से सटे खेतों में तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। रात के समय खेतों के बीच से गुजरते तेंदुए को देखकर लोगों ने तुरंत गांव के सरपंच को सूचना दी। घटना के बाद से ग्रामीण अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। गांव दताल के रहने वाले सरपंच जिले सिंह ने बताया कि तेंदुआ गांव के अंदर नहीं, बल्कि राजस्थान की सीमा की ओर स्थित खेतों में दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि यह इलाका राजस्थान बॉर्डर से सटा हुआ है, इसलिए वहां से वन्य जीवों का आना-जाना संभव है। सरपंच ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पंचायत समिति चेयरमैन प्रतिनिधि कर्मपाल को सूचना दी, जिन्होंने आगे प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी है। ग्रामीणों के फोन से फैली खबर सरपंच जिले सिंह ने बताया कि उन्हें कुछ ग्रामीणों के फोन आए थे, जिनमें खेतों में तेंदुआ दिखने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र पूरी तरह बॉर्डर से लगा हुआ है, ऐसे में तेंदुआ होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि किसी आधिकारिक वीडियो की जानकारी उन्हें नहीं है।

खेतों में घूमता दिखा तेंदुआ ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ रात के समय खेतों के बीच घूमता दिखाई दिया। जब कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की तो तेंदुआ भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों में डर और बढ़ गया है। लोगों को आशंका है कि तेंदुआ उनके मवेशियों पर हमला कर सकता है, क्योंकि पहले भी इस इलाके में तेंदुओं की मौजूदगी देखी जा चुकी है। पहले भी दिख चुका है तेंदुआ गौरतलब है कि इससे पहले भी नांगल चौधरी और आसपास के इलाकों में तेंदुआ दिखने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वन्य जीवों की आवाजाही के कारण ग्रामीणों को रात में खेतों की ओर जाने में डर लग रहा है। ग्रामीणों ने की वन विभाग से कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि कर उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए, ताकि किसी तरह की जान-माल की हानि न हो। साथ ही प्रशासन और वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और लोगों को सतर्क करने की अपील की गई है। पुलिस ने भेजी टीमें नांगल चौधरी थाना पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद इलाके में टीम भेजी गई है। पुलिस ने कहा कि फिलहाल किसी के घायल होने या मवेशियों पर हमले की सूचना नहीं है। वन विभाग को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया है और तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि के लिए आसपास के खेतों में पगमार्क और अन्य निशानों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय खेतों में अकेले न जाएं और बच्चों व मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखें।