यमुनानगर के जगाधरी में शिवरात्रि के निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहे एसडी पब्लिक स्कूल के लेक्चरर के बुजुर्ग पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक तीन बच्चों के पिता थे, जिन्हें साईं धर्मकांटा के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान घनश्याम सहाय(71) निवासी मोहन लाल गली, जगाधरी के रूप में हुई है। लेक्चरर बेटे की शिकायत पर जगाधरी सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवरात्रि के निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहे थे शिकायतकर्ता हरिओम शर्मा निवासी वार्ड नंबर 9, मोहन लाल गली, जगाधरी ने पुलिस को बताया कि वह एसडी पब्लिक स्कूल जगाधरी में लेक्चरर के पद पर कार्यरत है और उनके परिवार में कुल तीन भाई-बहन हैं, जिनमें दो बहनें—अदिति शर्मा और गौरी शर्मा—और तीसरे स्वयं वह हैं, तथा तीनों ही विवाहित हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता घनश्याम सहाय(71) सोमवार को दोपहर करीब 1 बजे गौरी मंदिर जगाधरी गए थे, जहां से वे शिवरात्रि के निमंत्रण कार्ड शहर के गणमान्य लोगों को देने के लिए पैदल गुलाबनगर की ओर से विलासपुर रोड होते हुए रक्षक विहार की तरफ लौट रहे थे। राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया इसी दौरान साईं धर्मकांटा के पास सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमएलजीएच यमुनानगर रेफर किया गया। सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे और उन्हें पहले गाबा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को दोबारा सिविल अस्पताल जगाधरी लाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार उनके पिता की मृत्यु अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही से लगी चोटों के कारण हुई है। पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज सूचना मिलते ही शाम को जगाधरी सिटी थाना पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची, जहां पर मृतक के बेटे के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अज्ञात वाहन और चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके।
यमुनानगर एक्सीडेंट में लेक्चरर के पिता की मौत:तीन बच्चों के पिता, शिवरात्रि के निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहे थे, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
