मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में वकील संजय कुमार सक्सेना (57) की गोली मारकर हत्या करने वाले 3 शूटर को पुलिस ने अरेस्ट किया है। गिरफ्तारी के दौरान सुबह-सुबह एक शूटर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। शूटर ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शूटर के पैर में 2 गोलियां लगी। शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पुलिस ने शूटर पपेंद्र रावत को गिरफ्तार किया। घटना करैरा थाना क्षेत्र के चिरली तिराहा के पास की है। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बड़ौनी के घुघसी निवासी गोलू रावत (25), डबरा के चांदपुर निवासी पपेंद्र रावत (23) और बड़ौनी के घुघसी निवासी जहीर मुसलमान (24) शामिल हैं। आरोपियों ने शनिवार को दिनदहाड़े वकील को गोली मारी थी। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थी। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। रविवार सुबह चिरली तिराहा के पास आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिली। एनकाउंटर से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए… आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की इस दौरान पुलिस टीम वहां पहुंची, तो आरोपी पपेंद्र रावत ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पपेंद्र के पैर में 2 गोलियां लगीं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। शिवपुरी SP ने बताया कि हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार शाम को ही शिक्षक कमलेश शर्मा, उनके सरपंच चाचा सुनील शर्मा, नीरज शर्मा और उनके साथी आशीष परिहार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। हत्याकांड में किसकी क्या भूमिका का पता लगा रही पुलिस प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिवक्ता संजय सक्सेना जमीनी विवादों के मामलों में पैरवी करने और मुकदमे जीतने के लिए जाने जाते थे। परिजनों ने पहले ही जमीनी रंजिश और चुनावी विवाद को हत्या का कारण बताया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की सुपारी कितने में दी गई थी। साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका रही। आरोपियों से पूछताछ जारी है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। ……………………………… यह खबर भी पढ़ें…
वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या शिवपुरी जिले में शनिवार को दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना (57) रोज की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात करैरा कस्बे की है। पूरी खबर पढ़ें
वकील हत्याकांड…शूटर का शॉर्ट एनकाउंटर:शिवपुरी पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी 2 गोलियां; फिरौती लेकर की थी हत्या, 3 शूटर गिरफ्तार
