फतेहाबाद : मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर फसलों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त

Spread the love

मंगलवार को उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसान का पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। ऐसे में किसान को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने व फसलों को सरकार द्वारा निर्धारित दाम पर बेचने के लिए जरूरी है कि जिले के किसान पोर्टल पर अपनी बोई गई खरीफ फसल का ब्यौरा दर्ज कराने का पंजीकरण अवश्य करवाएं। किसान की ओर से पोर्टल पर दर्शाई गई फसल का भौतिक सत्यापन भी करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार के पास सभी किसानों का ब्योरा आने के बाद उन्हें मंडी में बुलाना आसान हो जाता है। किसानों के मोबाइल फोन नंबर पर मैसेज भेजकर उन्हें मंडी में किस दिन व किस वक्त आना है, की जानकारी प्रदान की जाती है। उन्होंने किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि जो किसान अपने खेतों में खरीफ फसलों की बुवाई कर चुके हैं, वे उपरोक्त पोर्टल पर अपनी फसलों का पंजीकरण अवश्य करा लें। उपायुक्त ने बताया कि फसलों का पंजीकरण करवाने के लिए संबंधित किसान के पास परिवार पहचान पत्र का होना अनिवार्य है।