भिवानी में निर्माणाधीन बिल्डिंग का लेंटर गिरा:4-5 मजदूर मलबे में दबे, पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम कर रही रेस्क्यू

Spread the love

भिवानी में बासिया भवन के नजदीक पटेल नगर में शुक्रवार रात को निर्माणाधीन बिल्डिंग का लेंटर गिर गया। जिसके कारण वहां मौजूद मजदूर भी नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, दमकल की गाड़ी और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। वहीं बिल्डिंग के लेंटर के नीचे दबने से घायल हुए लोगों को निकलाने का प्रयास किया। प्राथमिक सूचना के अनुसार 4-5 मजदूर लेंटर के नीचे दबे हैं। जिनका रेस्क्यू किया जा रहा है। एसएचओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि यहां लेंटर गिर गया है। जिस सूचना पर वे मौके पर पहुंचे। इस दौरान जो तीन-चार लोग यहां थे, उनका रेस्क्यू करके अस्पताल पहुंचाया था। दो-तीन को हल्की चोट है और करीब 2 लोगों में से एक के पैर पर व दूसरे के हाथ व अन्य जगह चोट लगी हुई है। जो मजदूर थे, उन्हीं में से लोग बताए जा रहे हैं। प्राथमिक तौर पर चेक कर लिया हैं, अब अंदर कोई फंसा हुआ नहीं है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किस कारण से हुआ था। यहां लेंटर के लिए सेट्रिंग लगाई हुई थी। दमकल विभाग से मौके पर पहुंचे कर्मचारी संदीप कुमार ने बताया कि फायर स्टेशन पर सूचना मिली थी कि एक बिल्डिंग गिर गई है। जिसके बाद उनकी टीम मौके पर तुरंत प्रभाव से पहुंची। यहां आकर देखा तो बिल्डिंग का लेंटर ताजा था और वह गिरा हुआ है। 2 लोग सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं और तीन लोग प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। जो हमारी गाड़ी पहुंचने से पहले उनको निकाल लिया गया था और अस्पताल पहुंचा दिया गया था। स्थानीय लोगों व यहां मौजूद लेबर ने बताया कि काम चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण का कार्य चल रहा था और इस दौरान कुछ वाइब्रेट हुआ और ऊपर से बिल्डिंग का लेंटर गिर गया। जिसमें मजदूर फंस गए और घायल हो गए।