हिमाचल में भूस्खलन से 2 नेशनल हाइवे सहित 383 सड़कें बंद, 27 से फिर भारी वर्षा का अलर्ट

Spread the love

मौसम विभाग ने आज यानी 23 से 26 जुलाई तक राज्य के कुछ स्थानों पर वर्षा की सम्भवना जताई है, हालांकि इस दौरान कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 27 से 29 जुलाई तक फिर से भारी बारिश हो सकती है और कुछ इलाकों में येलो अलर्ट रहेगा। इस बीच राजधानी शिमला व आसपास के इलाकों में आज सुबह बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार कुल्लू जिला के मनाली में सर्वाधिक 57 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड हुई है। इसके अलावा सराहन में 37, घुमरूर में 36, नगरोटा सुर्रियाँ में 32, अघ्घर में 30, मुरारी देवी में 29 औऱ गुलेर व बिलासपुर में 27-27 मिमी वर्षा रिकार्ड हुई है।

मानसून सीजन में अब तक 135 की मौत, 34 लापता

इस मानसून सीजन में अब तक हिमाचल में 135 लोगों की मौत हो चुकी है, 224 लोग घायल और 34 लोग लापता हैं। मंडी जिले में सबसे ज्यादा 23 और कांगड़ा में 21 मौतें हुई हैं। चम्बा व कुल्लू में 15 और शिमला में 11 लोगों की मौत हुई। अब तक 397 मकान, 277 दुकानें और 1037 गौशालाएं पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं, जबकि 797 मकानों को आंशिक नुकसान हुआ है। मंडी में सबसे ज्यादा तबाही हुई है, जहां 936 घरों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें से 365 पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं। करीब 1247 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान आंका गया है। लोकनिर्माण विभाग को 552 करोड़ और जलशक्ति विभाग को 453 करोड़ की क्षति पहुंची है।

प्रदेश में इस सीजन में अब तक 25 भूस्खलन, 40 फ्लैश फ्लड और 23 बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। अकेले मंडी में बादल फटने की 15, फ्लैश फ्लड की 11 और भूस्खलन की 4 घटनाएं हुई हैं।