सिरसा JE हनीट्रैप केस में सरगना का खुलासा:फतेहाबाद में पोस्टिंग के समय दोनों संपर्क में आए; पूजा ने बुलाया था

Spread the love

सिरसा में बिजली निगम के रिटायर्ड जेई को हनी ट्रैप में फंसाकर ठगने के मामले में गिरोह की सरगना और उसके सहयोगी ने कई खुलासे किए। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सरगना सुमन और बाजेकां निवासी सुरेश ने रिटायर्ड जेई को फंसाकर 16.60 लाख रुपए ऐंठे थे, जिसमें करीब एक-एक लाख रुपए से ज्यादा दोनों के हिस्से आए थे। बाकी रकम आरोपी महिला पूजा व अन्य साथियों में आपस में बांट ली थी। आरोपी पूजा ने सुमन के मोबाइल नंबर से ही रिटायर्ड जेई को फोन किया था और ये कहा कि तुम्हारे बंदे ने नंबर दिया और वह बुला रहा है, घर आ जाओ। पूजा एक मोहरा था। दरअसल, सुमन की रिटायर्ड कर्मी से काफी समय पहले से जान-पहचान थी और दोनों की फोन पर बात होती थी। घटना वाले दिन भी पूजा ने सुमन के नंबर से ही फोन कर बुलाया था। ये बातें भी पहले पुलिस से छिपाई गई और पूजा व सुमन से पूछताछ के बाद ये सामने आया। सरगना सुमन ने गिरोह के 3-4 और मेंबरों के नाम बता खुलासे किए हैं। अब पुलिस उन तक पहुंचेगी। इस गैंग में 10 से 12 लोग शामिल है, जिनमें कुछ की गिरफ्तारी बाकी है। सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला फतेहाबाद में पोस्टिंग के दौरान हुई थी जान-पहचान पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता करीब 62 वर्षीय व्यक्ति की रिटायरमेंट से पहले फतेहाबाद में जेई के पद पर पोस्टिंग थी। उस वक्त महिला भी फतेहाबाद में किराए के मकान में रहती थी। दोनों का आपस में संपर्क होने पर बातचीत होने लगी और मिलना-जुलना रहा। रिटायरमेंट के बाद भी दोनों की बातचीत होती रही। इसी का फायदा महिला सुमन ने उठाया। सुमन ने इन दिनों पूजा, सुरेश व राजेश के साथ मिलकर लोगों को मोह के जाल में फंसाकर पैसे ऐंठने का गिरोह बना लिया था। महिला किसी जानकार की मौसी लगती थी उक्त महिला डाटा के राजेश कुमार की रिश्ते में मौसी लगती है। राजेश के साथ रिटायर्ड कर्मी की जान-पहचान थी और घर पर आना-जान था। तभी उसकी महिला से जान-पहचान हुई और दोनों ने एक-दूसरे के नंबर ले लिए और बातचीत करने लगे। तब से लंबे समय तक संपर्क में रहे। अर्धनग्न हालत की वीडियो बना 20 लाख डिमांड की सुमन ने मोहरे के तौर पर रिटायर्ड जेई को फंसाया और सितंबर 2025 में पूजा के जरिए उसे घर बुलाकर उसकी अर्धनग्न हालत में वीडियो बना ली। उसी वक्त गैंग के मेंबर वहां पहुंच गए, जिन्हें पूजा ने अपने परिवार का सदस्य बताया। उन्होंने वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपए की डिमांड रखी। खुद को फंसा देख उसने प्लॉट आदि बेचकर 16.60 लाख रुपए महिला को दे दिए। इसके बाद दोनों में संपर्क टूट गया।कुछ दिन बाद सिरसा पुलिस ने एक दूसरे मामले में महिला सुनीता व पूजा और उसके गैंग को पकड़ लिया। उसमें इन्होंने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर कुंवारे युवक को फंसाया था। इसी तरह उसे बुलाकर महिला के साथ वीडियो बना ली और उससे छोड़ने की एवज में 20 लाख मांगे। यह बुजुर्ग को पता चला तो वह पुलिस को ठगी की शिकायत देने पहुंचा। पुलिस ने पहले हांसी के डाटा के राजेश कुमार, सिरसा के बाजेकां निवासी दलबीर सिंह व पूजा को प्रोडक्शन वारंट पर लिया था। अब सरगना सुमन व बाजेकां निवासी सुरेश को प्रोडक्शन वारंट पर लिया। दबाव बनाकर करते थे वसूली शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार, इससे दो माह पहले इस गैंग ने फेसबुक पर सिरसा के ही जसवंत को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर उसे बातों में फंसाकर मिलने बुलाया था। जसवंत की जयदेव चौक के पास गाड़ी खड़ी करवाई और अपने साथी बुला लिए। उन्होंने गलत काम करने के लिए दबाव बनाकर जसवंत को बंधक बना लिया था। इसके बाद उसे छोड़ने के नाम पर 20 लाख रुपए की डिमांड की। गिरोह ने पीड़ित का फोन और कुछ नकदी भी छीनी थी। मामले में 28 नवंबर की रात को पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने पर रेड कर दो महिलाओं समेत 8 लोगों को दबोचा था। आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया था कि लोगों को गुमराह कर वे लूटपाट का काम करते हैं। पुलिस ने बाजेकां का सुरेश कुमार, दलबीर सिंह, गांव माधोसिंघाना का शिव कुमार, गांव बेगू का राजकुमार, हिसार जिले के गांव डाटा का राजेश कुमार, जींद जिले के उचाना का मनोज कुमार, भट्टू कलां, जिला फतेहाबाद की सुमन और फतेहाबाद के गांव डांगरा खेड़ा की पूजा रानी पर किडनैपिंग, धमकी एवं विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।