पानीपत कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े अपहरण का प्रयास:चेक बाउंस केस जीते शख्स से मारपीट, बोला- पहले बाइक पंचर की, फिर किया हमला

Spread the love

पानीपत के शहर के कोर्ट परिसर के बाहर दिनदहाड़े एक व्यक्ति के अपहरण का प्रयास और उसके साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित कोर्ट में चेक बाउंस के एक मामले में तारीख पर आया था, जिसमें उसे जीत मिली थी। कोर्ट ने आरोपी पक्ष (जो पीड़ित के रिश्तेदार (साडू और साली) हैं) को पैसे देने का आदेश दिया था। इसी रंजिश में आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने डायल 112 की मदद से पीड़ित को बचाया और अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल से मामले की सूचना पुलिस तक पहुंची। पुलिस को कहना है कि मामले की जानकारी मिली है, लेकिन व्यक्ति अभी अपना इलाज करवाने में व्यस्त है, इस वजह से शिकायत नहीं दी गई है। पहले बाइक पंचर की, फिर किया हमला हनुमान कॉलोनी निवासी सुरेंद्र ने बताया कि उसका अपने साडू (साले की पत्नी के पति) और साली से पैसों का पुराना लेन-देन था। इसी के चलते उन्होंने उसे एक चेक दिया था, जो बैंक में बाउंस हो गया। इसके बाद मामला कोर्ट में पहुंचा। शुक्रवार को कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए आरोपी पक्ष को पीड़ित को पैसे चुकाने का आदेश दिया। कोर्ट से बाहर निकलने के बाद पीड़ित ने देखा कि उसकी बाइक पंचर है। जैसे ही वह बाइक को ठीक कराने के लिए सड़क पर आया, पहले से घात लगाए बैठे उसकी साली, साडू और दो अन्य अज्ञात युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे जबरन कार में डालने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया, तो उन्होंने उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। लोगों की मौजूदगी में मची चीख-पुकार सरेआम हो रही इस गुंडागर्दी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने बड़ी मुश्किल से खुद को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और शोर मचाया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल पीड़ित को पानीपत के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले की जांच कर रही पुलिस पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपहरण का प्रयास, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और कोर्ट परिसर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।