यमुनानगर से किडनैप नवविवाहिता सामने आई:29 सेकेंड का VIDEO जारी किया, बोली- जबरन शादी की, धर्म बदलवाया

Spread the love

हरियाणा के यमुनानगर में शादी के बाद मायका वालों द्वारा अपहरण की गई मुस्लिम युवती शबाना (21) का 29 सेकेंड का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह कार में सफर करती दिखाई दे रही है। वह किसी युवक की गोद में लेटी हुई है। साथ ही उसने कहा कि उसके साथ मांगेराम ने जबरदस्ती कोर्ट मैरिज की है। उसका धर्म बदलवाया गया। इसमें उसके जीजा ने पूरा साथ दिया था। वह वापस अपना धर्म अपनाना चाहती है, वह इस्लाम धर्म में ही रहना चाहती है। इस वीडियो के सामने आने पर पति मांगेराम द्वारा शबाना के साथ अनहोनी की आशंकाओं पर रोक लग गई। युवती के पति ने कहा था कि शबाना के साथ कोई अनहोनी न हो जाए, इस बात का उसे डर सता रहा है। आरोपी युवती को कहां लेकर गए हैं, अभी यह भी पता नहीं चल पाया है। उधर, पुलिस युवती के घर पर भी दबिश रहे रही है। लेकिन, कोई अहम सुराग पुलिस के हाथ अभी नहीं लगा है। इसी बीच शबाना की वीडियो सामने आई है। दो माह पहले भागकर की थी लव मैरिज
बिलोली गांव के रोबिन ने बताया कि उसके चाचा का बेटा मांगे राम (22 वर्षीय), जो एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है, ने करीब दो महीने पहले राजपुर गांव की शबाना (21 वर्षीय) से घर से भागकर कोर्ट में लव मैरिज की थी। इस शादी को मांगे राम के परिवार ने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया था, लेकिन शबाना के परिवार वाले शुरू से ही इसका कड़ा विरोध कर रहे थे और लगातार धमकी दे रहे थे। उनका कहना था कि लड़की को घर वापस भेज दो। शादी के बाद सुरक्षा की दृष्टि से दोनों मांगे राम की बहन काजल के घर में खिजराबाद क्षेत्र के नत्थनपुर गांव में रह रहे थे, जहां वे अपेक्षाकृत सुरक्षित महसूस कर रहे थे। ​​​​​​पहली बार ससुराल जा रही थी शबाना
हाल ही में जब शबाना के परिवार की ओर से आने वाले धमकी भरे फोन कॉल बंद हो गए, तो सभी को लगा कि मामला शांत हो गया है और अब वे खुले तौर पर साथ रह सकते हैं। इसी खुशी में परिवार ने फैसला किया कि दोनों को वापस बिलोली गांव लाया जाए और उनके स्वागत में एक भव्य रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया जाए, जिसमें रिश्तेदारों और मेहमानों को आमंत्रित किया गया था। पार्टी की तैयारी जोरों पर थी और सभी उत्साह से भरे हुए थे, लेकिन जब अर्टिगा गाड़ी में सवार होकर मांगे राम , शबाना, काजल और उनके जीजा घर की ओर लौट रहे थे, जैसे ही उनकी गाड़ी खिजराबाद के उर्जनी गांव के पास पहुंची, एक अन्य गाड़ी ने अचानक ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया। गाड़ी रोककर लाठी डंडों से किया हमला
उस गाड़ी से चार-पांच युवक लाठी-डंडे और तेजधार हथियारों के साथ बाहर निकले और शबाना ने उन्हें पहचान लिया कि ये उसके भाई और अन्य परिवारजन थे। इसके तुरंत बाद तीन-चार और गाड़ियां आ गईं, जिनमें से कई युवक हथियारों से लैस होकर उतरे। हमलावरों ने बिना देर किए मांगे राम की गाड़ी पर हमला बोल दिया, उसे बाहर खींचकर उसके हाथ पर तलवार से वार किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। जब काजल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की और उसकी बाजू पर गंडासी से हमला कर दिया। पुलिस युवती की तलाश में जुटी
रोबिन का कहना है कि उनके पास पिस्टल भी थी, जिसकी धमकी देकर वे शबाना का अपहरण कर उसे जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। इस बीच, वहां से गुजर रही एक रिश्तेदार की गाड़ी ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। छछरौली थाने के प्रभारी रोहताश सिंह ने बताया कि मामला दर्ज करके युवती की तलाश की जा रही। युवती को बरामद करने के लिए अलग-अलग जगह दबिश दे रहे हैं। जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा।