हरियाणा के यमुनानगर में लव मैरिज के बाद पहली बार ससुराल जा रही दुल्हन का उसके परिवारवालों ने किडनैप कर लिया। मुस्लिम युवती ने परिवार के खिलाफ जाकर हिंदू युवक से शादी की थी। दोनों की आज रिसेप्शन पार्टी थी। आरोप है कि रास्ता रोककर युवती के परिवार वालों ने दूल्हे पर तलवार से हमला किया। साथ ही उसकी बहन और जीजा से भी मारपीट करते हुए गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद वे गन पॉइंट पर युवती को दूसरी गाड़ी में ले गए। सूचना मिलते ही दूल्हे के परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। तुरंत तीनों घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद इन्हें छुट्टी दे दी गई है। मामले की शिकायत छछरौली थाना पुलिस को दी गई है। घटना से जुड़ी 2 तस्वीरें… अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…. 2 महीने पहले की थी कोर्ट मैरिज
गांव बिलोली निवासी रोबिन ने बताया कि उसके चाचा का लड़का मांगे राम (22) एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है। करीब 2 माह पहले उसने राजपुर गांव की शबाना (21) से घर से भागकर कोर्ट में लव मैरिज की थी। इस शादी से मांगे राम के परिजनों को कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन शबाना के परिवार वाले लगातार विरोध कर रहे थे। शादी के बाद सुरक्षित रहने के लिए वे दोनों मांगे राम की बहन काजल के घर खिजराबाद क्षेत्र के नतनपुर गांव में रह रहे थे। आज रिसेप्शन पार्टी रखी थी
रोबिन ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से शबाना के परिवार के लोग फोन पर बेटी को घर वापस भेजने की धमकी दे रहे थे, लेकिन उन्होंने नहीं बताया कि मांगे राम और शबाना इस समय कहां रह रहे हैं। जब शबाना के परिवार के फोन आने बंद हो गए तो उन्हें लगा कि अब मामला शांत हो गया। इसलिए दोनों को वापस घर लाने का प्लान बनाया। इनके स्वागत में आज रिसेप्शन पार्टी रखी थी। रिश्तेदार व मेहमान बुलाए गए थे। घर आते समय गाड़ी ने ओवरटेक किया
रोबिन ने कहा कि मांगे राम, शबाना व अपनी बहन व जीजा के साथ घर लौट रहे थे। वे चारों अर्टिगा गाड़ी में सवार थे। जैसे ही उनकी गाड़ी खिजराबाद के उर्जनी गांव के पास पहुंची एक गाड़ी ओवरटेक कर रुकी। हाथ में लाठी-डंडे और तेजधार हथियार लेकर चार-पांच युवक बाहर निकले। शबाना ने ध्यान से देखा तो ये उसके भाई व अन्य परिजन थे। इसके साथ ही तीन-चार गाड़ियां और आ गईं, जिसमें काफी युवक हथियारों से लैस थे। मांगे राम के हाथ पर तलवार मारी
आरोप है कि उन्होंने आते ही मांगे राम की गाड़ी पर हमला कर दिया। मांगे राम को बाहर निकालकर हाथ पर तलवार मारी। बीच-बचाव के लिए जब मांगे राम की बहन काजल गई तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोपियों ने काजल की बाजू पर गंडासी मारी। उनके पास पिस्टल भी थी, जिसके बल पर वे शबाना का अपहरण कर उसे अपने साथ ले गए। रिश्तेदार की गाड़ी से अस्पताल ले गए
रोबिन ने बताया कि तभी वहां हमारे एक रिश्तेदार की गाड़ी आ गई। तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। ऐसे में शबाना के परिजन उनके ऊपर नजर रखे हुए थे और आज हथियारों के साथ रास्ता रोककर तोड़फोड़ की और दुल्हन को साथ लेकर फरार हो गए। छछरौली थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। थाना प्रभारी बोले- लाल रंग की गाड़ी में आए हमलावर
छछरौली थाना प्रभारी रोहताश सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ युवकों ने एक गाड़ी पर हमला किया है, जिसके बाद से मौके पर पहुंचे। पता चला कि मांगे राम और शबाना लव मैरिज के बाद आज बिलोली गांव जा रहे थे। ऐसे में लड़की वाले लाल रंग की ब्रेजा गाड़ी में आए और हमला कर उसे साथ लेकर चले गए। आरोपियों ने डंडों से हमला किया है, जिसमें 3 लोग घायल हुए हैं। उन्हें मांगे राम की तरफ से शिकायत मिली है, जिसके अनुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
रिसेप्शन से पहले लव मैरिज करने वाली युवती किडनैप:यमुनानगर में ससुराल जाते वक्त परिवार ने गाड़ी पर हमला किया, हिंदू दूल्हे को तलवार मारी
