करैरा MLA ने बनाए 106 विधायक प्रतिनिधि:स्कूल-कॉलेज से लेकर विद्युत शाखा तक नियुक्ति; कांग्रेस बोली- हर दूसरी गली में एक प्रतिनिधि

Spread the love

एमपी में बीजेपी विधायक अपने प्रतिनिधि नियुक्त करने में रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। पिछले साल पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने थानों में विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति कर दी थी। अब शिवपुरी जिले की करैरा सीट से बीजेपी के ही विधायक रमेश खटीक ने 106 विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किए हैं। करैरा विधायक ने शिवपुरी जिला मुख्यालय के तमाम विभागों से लेकर अपने विधानसभा क्षेत्र के स्कूल, कॉलेज, छात्रावास और प्रायवेट यूनिवर्सिटी में भी प्रतिनिधि नियुक्त किए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ ही पशु अस्पतालों में प्रतिनिधियों की नियुक्ति की है। कांग्रेस ने कहा: हर दूसरी गली में एक विधायक प्रतिनिधि मिलेगा करैरा विधायक के प्रतिनिधियों की नियुक्ति पर कांग्रेस विचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा- भाजपा की सरकार में विधायक से ज्यादा प्रतिनिधियों की नियुक्ति की होड़ मची है। पिछोर विधायक ने थानों में विधायक प्रतिनिधि नियुक्त कर दिए थे। केन्द्रीय मंत्री और जो टीकमगढ़ के सांसद हैं वीरेन्द्र खटीक, उन्होंने सवा सौ से ज्यादा सांसद प्रतिनिधि बना दिए थे। उन सांसद प्रतिनिधियों की नियुक्ति पर तो बीजेपी के विधायक और पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री विरोध में आ गए थे। अब करैरा के विधायक ने तो इतने प्रतिनिधि बना दिए कि हर दूसरी गली में एक विधायक प्रतिनिधि मिल जाएगा। विधायक बोले: कार्यकर्ता यदि जाएगा तो हमें जानकारी मिलेगी विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति को लेकर करैरा से बीजेपी विधायक रमेश खटीक से भास्कर ने सवाल पूछा तो उन्होंने कहा- सर्व शिक्षा अभियान, डीपीआईपी जैसी जगहों में यदि हम नहीं जा पा रहे हैं तो कोई कार्यकर्ता यदि जाएगा तो हमें जानकारी तो मिलेगी। बैठकें होती हैं उनमें उपस्थिति के लिए प्रतिनिधि बना रहे हैं कोई वैसे थोड़ी बना रहे हैं। शिक्षा क्षेत्र (स्कूल, कॉलेज): कुल 18 प्रतिनिधि स्कूल एवं कॉलेज: पीएम श्री हायर सेकेण्ड्री स्कूल सीहोर (नरवर) में लोटन सिंह गुर्जर, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करही में भारत यादव, पीएम श्री कन्या हायर सेकेण्ड्री स्कूल नरवर में उदयभान रावत शैलू, पीएमश्री हाई स्कूल आईटीबीपी करैरा में अभिषेक श्रीवास्तव, शासकीय महाविद्यालय नरवर में जितेन्द्र बल्लो जैन, सांदीपनी विद्यालय नरवर में विशाल चौरसिया, सांदीपनी विद्यालय मगरौनी में स्वदेश जैन और सांदीपनी विद्यालय करैरा में सुरेन्द्र सेन को जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासनिक एवं विभाग: शिक्षा विभाग जिला शिवपुरी में डॉ. पंजाब सिंह रावत, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी करैरा में विनोद भार्गव, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नरवर में कोमल रावत, सर्व शिक्षा अभियान जिला शिवपुरी में राघवेन्द्र यादव, सर्व शिक्षा अभियान में शिवम सोलंकी और बीआरसीसी करैरा में दिनेश साहू को प्रतिनिधि बनाया गया है। यूनिवर्सिटी : पीके यूनिवर्सिटी थनरा (दिनारा) में हरिकृष्ण शर्मा और डॉ. प्रीति ग्लोबल यूनिवर्सिटी दिनारा में विनोद यादव को नियुक्त किया गया है। आईटीआई: आईटीआई समिति नरवर में लक्ष्मीनारायण रावत, आईटीआई विभाग करैरा में जितेन्द्र योगी, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग जनपद नरवर में दियाल रावत और जनपद पंचायत करैरा में विनोद जोशी को प्रतिनिधि बनाया है। पशु अस्पताल, आयुर्वेदिक औषधालयों सहित सीएचसी, पीएचसी में बनाए 15 प्रतिनिधि अस्पताल एवं CHC/PHC: शिवपुरी जिला अस्पताल में राघवेन्द्र राठौर, पीएचसी दिनारा में दीपक राजपूत और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मगरौनी में बाबू लाल पटेल को नियुक्त किया गया है। रोगी कल्याण समिति (CHC नरवर): यहां चार प्रतिनिधि रामरस रावत, मिथिलेश शर्मा, नवल सिंह गुर्जर और विवेक जैन बनाए गए हैं। रोगी कल्याण समिति (CHC करैरा): यहां पवन निगोती और चंद्रप्रकाश सक्सेना को प्रतिनिधि बनाया गया है। आयुर्वेदिक एवं पशु अस्पताल: शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय मगरौनी में श्याम कुशवाह, शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय सुनानी में हरवान सिंह, आयुर्वेदिक औषधालय सीहो में गजेन्द्र रावत, पशु अस्पताल दिनारा में रामगोपाल दुबे, पशु अस्पताल करैरा में राजकुमार गुर्जर, पशुपालन एवं डेयरी विभाग नरवर में मोनू गुर्जर, मदन गौतम और धर्मेन्द्र अग्रवाल (टिंकल) को जिम्मेदारी दी गई है। कृषि, मंडी एवं सहकारिता विभाग में 19 प्रतिनिधि कृषि उपज मंडी: कृषि उपज मंड़ी समिति दिनारा में मैथिलीशरण गुप्ता, मगरौली मंडी में गुरसेवक सरदार, करही मंडी में बद्री सेन और करैरा मंडी में प्रदीप गुप्ता को प्रतिनिधि बनाया गया है। सहकारिता एवं बैंक: जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक नरवर में हेमंत श्रीवास्तव, सहकारिता विभाग नरवर में पुरुषोत्तम भार्गव, सहकारिता विभाग जिला शिवपुरी में गोपाल सिंह गुर्जर और मंगल सिंह यादव, मार्केटिंग संस्था करैरा में नाथूराम यादव और नल दमयंती मार्केटिंग संस्था नरवर में मंजर अली को नियुक्त किया गया है। कृषि एवं अन्य: कृषि विभाग करैरा में नत्थू बघेल, कृषि विभाग जिला शिवपुरी में सुशील अग्रवाल, उद्यान विभाग नरवर में हाकिम कुशवाह और उद्यानिकी विभाग करैरा में राजू लोधी को जिम्मेदारी दी गई है। छात्रावास (SC/ST एवं बालिका) 05 प्रतिनिधि अनुसूचित जाति-जनजाति बालक छात्रावास मगरौनी में पराग शाक्य, अनुसूचित जनजाति छात्रावास नरवर में जीतेन्द्र आदिवासी, कस्तूरबा बालिका छात्रावास दिनारा में रणवीर रावत और कस्तूरबा बालिका छात्रावास मगरौनी में गोपाल प्रजापति को प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। साथ ही, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग शिवपुरी में कैलाश परिहार और लखन राठौर को जिम्मेदारी मिली है। आजीविका मिशन एवं ग्रामीण विकास योजनाओं में 14 प्रतिनिधि आजीविका मिशन: राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन करैरा में जगन्नाथ लोधी, आजीविका मिशन अमोला क्रेसर में शिशपाल सिंह परिहार, आजीविका मिशन दिनारा में रवि परिहार, समूहा में अच्छेलाल कुशवाह, सिरसौद में शिवशंकर लोधी, मगरौनी में नरेन्द्र सोनी और ब्लॉक कार्यालय नरवर में लक्ष्मीनारायण शर्मा को प्रतिनिधि बनाया गया है। आवास एवं स्वच्छता: स्वच्छ भारत मिशन जनपद नरवर में नारायण सिंह परमार, करैरा में रणवीर सिंह, शहरी एवं ग्रामीण आवास योजना करैरा में शिवम लोधी और नरवर में जसवंत सिंह तोमर को नियुक्त किया गया है। जल संसाधन, विद्युत एवं तकनीकी विभाग में 12 प्रतिनिधि जल संसाधन: जल संसाधन उप संभाग नरवर में राजेश केवट, मड़ीखेड़ा पक्का बांध में वासुदेव शर्मा और रानू लोधी, लाइट एवं मशीनरी विभाग में मुन्ना रजक और करैरा जल संसाधन में विवेक चतुर्वेदी को जिम्मेदारी दी गई है। विद्युत विभाग: विद्युत उपकेन्द्र नरवर में बादाम कुशवाह, मगरौनी में बृजेश छोटू सोनी, करैरा में सुरेश तिवारी और जिला शिवपुरी में दीपक चतुर्वेदी को प्रतिनिधि बनाया गया है। अन्य: लोक निर्माण विभाग (PWD) नरवर में नरोत्तम सोलंकी और पीएचई विभाग में जगत सिंह यादव (करैरा) व गोविंद श्रीवास्तव (नरवर) को नियुक्त किया गया है। अन्य महत्वपूर्ण विभाग (राजस्व, खाद्य, खेल एवं अन्य) में 15 प्रतिनिधि राजस्व: नरवर तहसील (मगरौनी वृत्त) में संदीप लोधी, करैरा तहसील (सिरसौद वृत्त) में गब्बर कुशवाह, दिनारा वृत्त में सुल्तान लोधी और नरवर तहसील में विकास भार्गव (भोला) प्रतिनिधि होंगे। खाद्य एवं मत्स्य: खाद्य विभाग नरवर में राजेन्द्र सिंह सोलंकी, करैरा में बलवान लोधी, मत्स्य महासंघ नरवर में अशोक बाथम और मत्स्य विभाग शिवपुरी में कप्तान सिंह बाथम को नियुक्त किया गया है। विविध: जन अभियान परिषद नरवर में माखन रावत और मगरौनी में मोहन सिंह रावत, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग में अत्री पांडे, खेल एवं युवा कल्याण करैरा में होतम लोधी और महिला बाल विकास में संगीता खत्री व उदयवीर सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। पिछोर भाजपा विधायक ने थानों में प्रतिनिधि नियुक्त किए तो मचा था बवाल पिछले साल जनवरी में शिवपुरी जिले के पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने थानों में विधायक प्रतिनिधि नियुक्त कर दिए थे। विधायक प्रीतम लोधी ने तीन पुलिस थानों मायापुर थाना क्षेत्र के लिए लोकेंद्र यादव बंटी, बामौरकलां थाना क्षेत्र के लिए उदय सिंह यादव और खनियांधाना क्षेत्र के लिए इंद्रल लोधी को प्रतिनिधि बनाया था। इस मामले पर कांग्रेस ने हमला बोला तो नियुक्तियां निरस्त कर दी गई थीं। केन्द्रीय मंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार के प्रतिनिधियों की नियुक्ति पर बीजेपी के विधायक हो गए थे लामबंद केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में करीब 130 सांसद प्रतिनिधियों की नियुक्ति की थी। जिन्हें लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। भाजपा के नेताओं ने ही इन नियुक्तियों का विरोध किया था। कुछ प्रतिनिधियों पर कांग्रेसी होने का आरोप लगाया था। किसी पर आपराधिक छवि का होने का आरोप लगाया गया था। प्रधानमंत्री तक हुई थी शिकायत सांसद प्रतिनिधियों की नियुक्तियों को लेकर बीजेपी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक शिकायत की। ये मामला भोपाल के बीजेपी दफ्तर में भी पहुंचा था। सबसे पहले छतरपुर जिले के दो विधायकों ने सांसद प्रतिनिधियों की नियुक्ति पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद टीकमगढ़ और खरगापुर विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायकों ने सांसद प्रतिनिधियों की नियुक्ति को गलत ठहराया था। पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी ने आरोप लगाते हुए कहा था कि डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने कांग्रेस पार्टी का काम करने वाले लोगों को प्रतिनिधि बनाया है। पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी ने सांसद प्रतिनिधियों की नियुक्ति में पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा के आरोप लगाए थे। इस विवाद के बीच 20 सितंबर को सांसद प्रतिनिधि आशीष तिवारी पर कोतवाली थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। सांसद प्रतिनिधि पर दर्ज एफआईआर के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया था। आखिरकार केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने सभी सांसद प्रतिनिधियों की नियुक्ति निरस्त कर दी थी।
अब यह भी जान लीजिए कि विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्तियों का क्या है नियम
आधिकारिक विधायक प्रतिनिधि (Official Representatives) मध्य प्रदेश में एक विधायक को मुख्य रूप से दो या तीन जगहों पर ही औपचारिक प्रतिनिधि नियुक्त करने का अधिकार है: जनपद पंचायत: प्रत्येक जनपद पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति में विधायक अपना 1 प्रतिनिधि नॉमिनेट कर सकता है। नगर पालिका/नगर परिषद: नगरीय निकाय की बैठकों के लिए विधायक अपना 1 प्रतिनिधि नियुक्त कर सकता है (यदि विधायक स्वयं वहां उपस्थित न हो पाए)। जिला योजना समिति: यहां विधायक स्वयं सदस्य होता है, यहां प्रतिनिधि की अनुमति सामान्यतः नहीं होती। लेकिन, बैठक के दिन यदि विधायक नहीं आ पा रहे हैं तो प्रतिनिधि भेज सकते हैं। 2. विभागीय समितियों में नियुक्तियां स्वास्थ्य विभाग (रोगी कल्याण समिति – RKS): सरकारी अस्पतालों की RKS में विधायक को सदस्य के रूप में अधिकार होता है। वह अपनी अनुपस्थिति में कार्य देखने के लिए प्रतिनिधि नॉमिनेट कर सकता है। मंडी समिति: कृषि उपज मंडी के नियमों के अनुसार, विधायक मंडी बोर्ड में सदस्य होता है और वहां अपना 1 प्रतिनिधि भेज सकता है।