गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ ही कटरी क्षेत्र के लोगों के सामने बाढ़ से जूझने की चुनौती बढ़ जाएगी। उधर बाढ़ की संभावना के चलते जिले के अधिकारी गंगा और काली नदी के आसपास के गांवों में पहुंच रहे। वहां के हालातों का जायजा लेने के साथ ही कर्मचारियों को उनकी निगरानी में मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
बख्शीपुरवा में प्राइमरी स्कूल के आसपास पानी भर गया। जिस कारण स्कूल नहीं खुल पा रहा। बाढ़ के पानी को देखते हुए बच्चे भी स्कूल नहीं पहुंच रहे। सुरक्षा की दृष्टि से अधिकांश परिवारों ने हरदोई-कन्नौज और मल्लावां कन्नौज रोड पर पन्नी तानकर ठिकाना बना लिया। ग्रामीणों का कहना है कि ऊंचाई के कारण सड़क तक बाढ़ का पानी नहीं पहुंच पाता। यही वजह है कि परिवार से लेकर पालतू जानवर भी सड़क पर ही नजर आ रहे हैं।
