आर.एस. बाली ने नगरोटा बगवां में किया पार्किंग एवं शॉपिंग परिसर का भूमिपूजन

Spread the love

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगरोटा बगवां को पर्यटन एवं व्यापारिक दृष्टि से नई पहचान मिल रही है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण से नगरोटा बगवां बाजार में पार्किंग की समस्या समाप्त होगी तथा स्थानीय युवाओं को स्व-रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनमानस को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है।

उन्होंने कहा कि नगरोटा विधान सभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, इंजीनियरिंग कालेज, मेडिकल कालेज सहित कई आईटीआई तथा बडोह महाविद्यालय नगरोटा बगवां के विकास की तस्वीर को बयां कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस अवसर पर आर.एस. बाली ने लोगों की विभिन्न समस्याओं को भी सुना और अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया। शेष समस्याओं पर त्वरित समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।

इसके उपरांत पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) विधायक आर.एस. बाली ने नगरोटा बगवां के रढ चौक में निर्मित वीर हैप्पी चौधरी द्वार का विधिवत शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का सम्मान करना हमारा सर्वोच्च दायित्व है।