मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार रात रतलाम में कहा कि उनके खिलाफ पश्चिम बंगाल में 38 फर्जी केस दर्ज हैं और वहां जाने पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। पूर्व आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल के राजबाग स्थित निवास पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी ने भी ‘नए लफड़े’ से बचने के लिए उन्हें बंगाल चुनाव में जाने से मना किया है। मंत्री विजयवर्गीय ने रतलाम प्रवास के दौरान इंदौर नगर निगम के विवाद, प्रदेश में यूसीसी (UCC) लागू करने की तैयारी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ अपने संबंधों पर भी बेबाक राय रखी है। ‘पार्टी ने कहा- बंगाल मत जाओ, नया लफड़ा हो जाएगा’ मंत्री ने स्पष्ट किया कि वे इस बार बंगाल चुनाव में नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा- “बंगाल नहीं जाने के बहुत सारे कारण है। मेरी गिरफ्तारी के बहुत सारे वारंट निकले है। मेरे खिलाफ वहां पर 38 फर्जी केस है। वहां गया तो गिरफ्तार कर लेंगे। पार्टी ने भी जाने से मना किया है, पार्टी ने कहा कि जाओ मत नया लफड़ा हो जाएगा। इसलिए मैं बंगाल चुनाव में नहीं जाउंगा।” इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि बंगाल में प्रधानमंत्री की सभाओं में बिना गाड़ियां लगाए लोग 10 से 15 किमी दूर से पैदल आ रहे हैं, जिससे स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि वहां भारतीय जनता पार्टी आ रही है। ‘मैं जिंदा बैठा हूं तो बजरंगबली की कृपा, नहीं तो फोटो पर माला लग जाती’ बंगाल में अपने पिछले अनुभवों और ममता बनर्जी को लेकर पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में विजयवर्गीय ने कहा- “ममता जी घबरा गई है। 5 से 10 लाख मुस्लिम एकट्ठे हो गए थे। ममता जी के पास बहुत सारे माफिया है, स्मगलर है। सब लोगों ने प्रयास किया ममता जी को सरकार में लाने के लिए। मुझे लगता है कि यह ममता जी का कुप्रयास था। ममता जी जो भी करे वह कम है, क्यो कि मैं 6 साल वहां रहा हूं। मैं यहां पर आपके सामने जिंदा बैठा हूं तो बजरंगी बली की कृपा है। नहीं तो मेरे फोटो पर भी माला लग गई होती।” देखिए तस्वीरें… ‘जो भारत माता की वंदना नहीं करते, उन पर प्रश्नचिह्न’ इंदौर नगर निगम में हुए वंदे मातरम विवाद पर अपनी राय रखते हुए उन्होंने कहा- “मेरा मानना है कि हम जिस देश में रहते है उस देश के प्रति वफादार रहना चाहिए। जिस भूमि पर हम चलते है वह भूमि हमारी माता है। जो पानी नदी का हम पीते वह हमारी माता है। वृक्ष हमारे देवता है। पहाड़ हमारे देवता है तो हम सब देवी देवता मानते है। इसलिए मैं समझता हूं कि हम अपनी जन्म देने वाली मां को भी प्रणाम करते है या नहीं। ऐसी भारतमाता जिनके कारण आज हम सब चीज प्राप्त कर रहे है उनका वंदन करने में मैं नहीं समझता कि किसी भी धर्म में बाधा आना चाहिए। ऐसे लोग जो भारत माता की वंदना नहीं करते उनकी राष्ट्र प्रेम के प्रति प्रश्न चिन्ह लगते है।” प्रदेश में बिल आने के बाद लागू होगा UCC प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की तैयारी पर विजयवर्गीय ने कहा- “हमारे मुख्यमंत्री जी ने घोषणा कर दी है। पहले बिल आएगा। उसके आने के बाद लागू किया जाएगा। उसकी तैयारी हमारी चल रही है।” वहीं, निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर उन्होंने बताया कि अभी फिलहाल रोक दी गई हैं, चुनाव के बाद पार्टी की प्रक्रिया चलती रहेगी। मुख्यमंत्री के साथ संबंधों पर हंसते हुए उन्होंने कहा- “हमारे बहुत अच्छे संबंध है। जैसे आपसे (मीडिया) हमारे है वैसे ही उनसे भी है।” इससे पहले रात 10 बजे कार्यक्रम में पहुंचने पर मंत्री ने छोटी कन्याओं की पूजा की और उनके पैर छुए।
कैलाश विजयवर्गीय बोले- बंगाल गया तो गिरफ्तार हो जाऊंगा:रतलाम में मंत्री ने कहा- मेरे खिलाफ 38 फर्जी केस; पार्टी ने जाने से मना किया
