जुलाना अनाजमंडी में व्यापारी के अपहरण का प्रयास:सुबह सैर को निकला था; 2 बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा डाला, नीचे गिरने से बचा

Spread the love

जींद जिले के जुलाना कस्बे की पुरानी अनाजमंडी में मंगलवार सुबह एक व्यापारी के अपहरण का प्रयास किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। सफेद कार में आए बदमाशों ने किया हमला
जुलाना के रहने वाले व्यापारी सुशील सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। जब वह अनाजमंडी स्थित चौकी के पास पहुंचे, तभी एक सफेद रंग की कार अचानक उनके सामने आकर रुकी। कार से उतरे दो अज्ञात बदमाशों ने उनके मुंह पर कपड़ा डालकर जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। शोर मचाने पर भागे आरोपी
सुशील ने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। धक्का-मुक्की में वह नीचे गिर गए, लेकिन उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क हो गए। लोगों को आता देख बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। व्यापारियों में रोष, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
इस वारदात से जुलाना के व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। पुलिस को नहीं मिली शिकायत
जुलाना थाना प्रभारी विक्रम जोशन ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत मिलती है तो तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।