पंचकूला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी:जज को थ्रेट मेल आया, पुलिस ने कोर्ट खाली करवाया; डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची

Spread the love

हरियाणा के पंचकूला में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल से हड़कंप मच गया। जिसके बाद पंचकूला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया। टीम के साथ डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा व तलाशी अभियान चलाया गया। पंचकूला कोर्ट के सेशन जज को आज थ्रेट मेल मिला जिसमें कोर्ट को बम से उड़ने की धमकी दी गई थी। जिसकी जानकारी उन्होंने तुरंत पुलिस अधिकारियों को दी। पंचकूला डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि धमकी भरा मेल आने के बाद कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, अभी तक जांच में ऐसा कुछ पाया नहीं गया। यह केवल धमकी का ही मामला है, लेकिन फिर भी उन्होंने एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर की जांच की। पंचकूला पुलिस ने 22 जनवरी को भी कोर्ट में तलाशी अभियान चलाया था। बम निरोधक दस्ते के साथ डॉग्स स्क्वायड की टीम भी थी। हालांकि, पुलिस के द्वारा उस समय इसे मॉक ड्रिल बताया गया था।