पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन पर भरोसा जताते हुए नई राजनीतिक बिसात बिछा दी है। पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह परंपरा, संगठन और जनभावनाओं के बल पर मैदान में उतर रही है। टिकट मिलने के बाद सोमेश सोरेन के पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) आगमन पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया।
झामुमो प्रत्याशी के रूप में नाम की घोषणा के बाद बुधवार रात सोमेश चंद्र सोरेन कदमा-उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो के समाधि स्थल पहुंचे। उन्होंने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान “सोमेश चंद्र सोरेन जिंदाबाद” और “झामुमो जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
श्रद्धांजलि देने के बाद सोमेश सोरेन ने कहा, “यह टिकट जनता और पार्टी दोनों के विश्वास का प्रतीक है। मैं झारखंड आंदोलन की भावना और अपने पिता स्व. रामदास सोरेन के आदर्शों पर चलते हुए घाटशिला के विकास के लिए काम करूंगा।
उन्होंने आगे कहा कि युवाओं, किसानों और आम जनता की समस्याओं का समाधान करना ही उनकी प्राथमिकता होगी। “जनता ने जो भरोसा जताया है, उसे बनाए रखना मेरा कर्तव्य है।
रांची से टिकट लेकर जमशेदपुर पहुंचे सोमेश सोरेन का पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। झामुमो विधायक सबिता महतो, पूर्व सांसद सुमन महतो, वरिष्ठ नेता मोहन कर्मकार, राजू गिरी और प्रमोद लाल सहित कई पदाधिकारी इस मौके पर मौजूद रहे। सभी ने माल्यार्पण कर सोमेश को जीत की शुभकामनाएं दीं और “झामुमो फिर से” के नारों से माहौल को जोशीला बना दिया।
