रोहतक जिले में महम क्षेत्र के पास 152डी पर जयपुर से जींद जा रहे कार सवार फाइनेंसर की टायर फटने के कारण हुए हादसे में मौत हो गई। सूचना पाकर महम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है। मृतक की पहचान करीब 46 वर्षीय रामेश्वर प्रसाद मीणा पुत्र काजोड़मल मीणा के गोविंदपुरा दांतली जयपुर राजस्थान के रूप में हुई। मृतक रामेश्वर प्रसाद मीणा गाड़ी चला था, जबकि उसके साथ श्याम सुंदर शर्मा भी बैठा हुआ था। दोनों अपने एक साथी सन्नी की मौत होने पर उसके अंतिम संस्कार में जयपुर से जींद की तरफ 152डी से जा रहे थे। जींद जाते समय जब गाड़ी महम क्षेत्र के पास पहुंची, तो गाड़ी का टायर फट गया, जिसके कारण गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर के ऊपर से घूमकर वापस जयपुर की तरफ मुड़ गई। इस दौरान गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, गाड़ी चला रहा रामेश्वर प्रसाद मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ बैठे श्याम सुंदर को भी चोट लगी। ट्रक ड्राइवरों ने बुलाई एम्बुलेंस हादसे में घायल हुए श्याम सुंदर ने बताया कि उसे नहीं पता कि गाड़ी का टायर फटा या शॉकर निकला, लेकिन गाड़ी जयपुर की तरफ डिवाइडर से घूमकर मुड़ गई। वहां मौजूद दो ट्रक ड्राइवरों ने ही एम्बुलेंस व डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद रामेश्वर प्रसाद को महम ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया मृतक रामेश्वर प्रसाद मीणा फाइनेंस का काम करता था और उसके पास 4 लड़की व एक लड़का है। पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं, रामेश्वर प्रसाद की पत्नी व बूढ़े माता-पिता भी है। रामेश्वर प्रसाद की मौत का समाचार सुनकर परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। मामले की जांच में जुटी पुलिस महम थाना पुलिस ने बताया कि 152डी पर सड़क हादसा होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए और शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
रोहतक सड़क हादसे में जयपुर के फाइनेंसर की मौत:दोस्त के अंतिम संस्कार में जा रहा था, गाड़ी का टायर फटा; साथी घायल
