जबलपुर की किशोरी की लाश नरसिंहपुर रेलवे ट्रेक पर मिली, हत्या की आशंका

Spread the love

पुलिस के अनुसार, किशोरी शनिवार शाम कोचिंग जाने का कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। जिसकी शिकायत परिजनों ने लार्डगंज थाने में की। पुलिस ने मामला गुमशुदगी में दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। रविवार सुबह सालीचौका पुलिस को रेलवे ट्रैक पर एक किशोरी का शव मिलने की सूचना मिली। शव की पहचान हेतु आसपास के जिलों में पतासाजी करने उसकी तस्वीर भेजी गई। जबलपुर पुलिस गुम इंसानों के मिलान हेतु शहर के सभी थानों में उक्त तस्वीर को भेजा। जिसके चलते लार्डगंज पुलिस ने गुमशुदा युवती परिजनों से शिनाख्त कराई। मृतका के भाई अंकित ने फोटो के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि की।

इसके बाद परिजन तत्काल मौके के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि किशोरी अपनी मां के निधन के बाद श्रीनाथ की तलैया में ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। परिजनों व स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतका के शरीर की हालत से हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। पुलिस अब यह जांच में जुटी है कि किशोरी कैसे नरसिंहपुर पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। परिवार वालों ने संदेह जताया है कि इस घटना में एक परिचित युवक की भूमिका हो सकती है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।