स्पॉट : लोहियानगर टेंपो स्टैंड (मेरठ) टाइम : 7.30 बजे शाम (23 सितंबर) प्राइवेट हॉस्पिटल में ड्यूटी करने के लिए नर्स रुखसाना जा रही थीं। ऑटो का वेट करने के लिए अपने घर से सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर ठहर जाती हैं। इस स्पॉट पर ज्यादा भीड़भाड़ नहीं होती है। एक 16 साल का लड़का 38 साल के नर्स के करीब आया। आवाज लगाई… नर्स के पीछे मुड़ते ही उसने एक बोतल से एसिड फेंक दिया। नर्स चीखकर तड़पने लगी। एकदम से अफरा-तफरी मच गई। लड़का इसका फायदा उठाकर एक तरफ भाग निकला। फोरेंसिक टीम ने घास में पड़ी एक बोतल बरामद की। जिसका इस्तेमाल एसिड अटैक के लिए किया गया था। उस पर फिंगर प्रिंट मिले हैं। एसिड अटैक के मामले में लखनऊ के DGP ऑफिस ने रिपोर्ट तलब की। इस मामले में पुलिस के पहले 18 घंटे की जांच 3 एंगल तक पहुंची। पहला- बेटी के लव अफेयर में उसके बॉयफ्रेंड ने ये हमला किया। क्योंकि मां (नर्स) मना करती थी। दूसरा- नर्स का लव अफेयर चल रहा था। उसी विवाद में हमला हुआ। तीसरा- नर्स जिस हॉस्पिटल में काम करती है, वहां पर कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। इसके बाद एसिड अटैक किया गया। फिलहाल मेरठ पुलिस ने 5 संदिग्ध लड़कों को हिरासत में लिया है। मगर किसी ने घटना कबूल नहीं की है। ये हमला कैसे हुआ? नर्स की मेडिकल रिपोर्ट क्या है? पुलिस जांच कहां तक पहुंची? ये जानने के लिए दैनिक भास्कर टीम ग्राउंड जीरो पर पहुंची। पढ़िए रिपोर्ट… अटैक प्लानिंग के साथ हुई, ड्यूटी टाइम और रूट सब पता था
लोहियानगर टेंपो स्टैंड पर हमारी मुलाकात ऐसे 3 लड़कों से हुई। जिन्होंने अटैक होने के बाद नर्स को बचाया था। केशव कहते हैं- जहां ये अटैक हुआ, उससे सिर्फ 20 कदम की दूरी पर मेरा घर है। मैं घर के बाहर ही खड़ा था। अचानक हमें एक महिला की चीख सुनाई दी। बचाओ…बचाओ की आवाज सुनकर हम लोग उस तरफ भागे। पास जाकर देखा कि महिला के कपड़े जल चुके हैं। मैंने पड़ोस में रहने वाली आंटी से तुरंत दुपट्टा मांगा। महिला के ऊपर कपड़ा डाला। तब तक और लोग इकट्ठा हो गए थे। महिला को हॉस्पिटल भेजा गया। हमने पूछा- क्यों आपने एसिड फेंकने वाले लड़के को देखा था। केशव कहते हैं- जी देखा, वो भाग रहा था। यही कोई 16-17 साल का रहा होगा। उसका चेहरा नहीं देख पाए थे। हमलावर चाहता था महिला को ज्यादा से ज्यादा नुकसान हो
जिस तरह से उसने ये घटना की है, उससे साफ लग रहा है कि वो बहुत प्लानिंग से अटैक करने आया था। हमने हमले से पहले भी उस लड़के को देखा था। उसने घास में पहले से बोतल रखी हुई थी। रोजाना वो महिला शाम 7.30 बजे घर से जाती है और सुबह अस्पताल से लौटती है। उसे पता था कि महिला की ड्यूटी टाइमिंग क्या है। कोल्ड ड्रिंक की आधी कटी बोतल में उसने एसिड रखा हुआ था। मतलब साफ है कि वो चाहता था कि महिला ज्यादा से ज्यादा झुलस जाए। ऐसे में पुलिस मान रही है कि ये अटैक किसी परिचित ने किया है। राह चलते बाइक सवार को रोककर अस्पताल भेजा
अजहर कहते हैं- 2 दोस्तों के साथ मुझे घूमने जाना था। मैं घर के बाहर ही बैठा था। एक महिला की चीख सुनकर मुझे लगा कि उसे सांप ने काटा है। मैं और मेरे दोस्त उस तरफ भागे। देखा कि महिला के बदन पर कपड़े झुलस चुके थे। खाल गल रही थी। उस पर इतना हार्ड एसिड डाला गया कि सब तुरंत जल गया था। उसके बदन से खून बहने लगा। मैंने तुरंत वहां से गुजर रहे एक बाइक वाले को रोका, उस पर महिला को बैठाकर अवध हॉस्पिटल भेजा। मगर वहां उन्हें इलाज नहीं मिला। तब उन्हें लेकर सुधा नर्सिंग होम पहुंचे। पीछे से हम लोग दूसरी बाइकों से वहां पहुंचे। वो महिला बार-बार यहीं कह रही थीं- बचाओ…बचाओ। मेरे ऊपर एक बच्चे ने कुछ फेंक दिया। वो उस लड़के को पहचान नहीं पा रही थी। पड़ोसी महिला बोलीं- महिला को तड़पते देख, मैं बेहोश हो गई
पड़ोसी निशा कहती हैं- मैं डायबिटिक पेशेंट हूं, वो सीन देख नहीं सकी। मैं वहीं बेहोश हो गई, तब बेटी मुझे वहां से लेकर आई। जिस दरिंदे ने ऐसा किया है, उसको सजा मिले, कानून उसे फांसी की सजा सुनाए। जो एक महिला पर तेजाब फेंक सकता है, वो किसी को भी परेशान कर सकता है। ऐसे लोग समाज में रहेंगे तो महिलाएं, बेटियां घर से बाहर ही नहीं निकल पाएंगी। घटनास्थल के करीब दुकानदारों ने जो देखा वो पढ़िए… हमें लगा किसी का पर्स चोरी हो गया
क्राइम स्पॉट के पास एक टेलर शॉप है। इसके मालिक जॉनी ने बताया- हम दुकान पर काम कर रहे थे, यही कोई 7.30 बजे की बात होगी। वो महिला तड़प रही थी। कपड़े झुलस चुके थे। पड़ोस की महिला ने उस पर कपड़े डाले। हमने एक लड़का कॉलोनी की ओर भागते हुए देखा था। आंटी जी की चीख सुनकर मैं भागकर पहुंचा
घटनास्थल के पास ही अरमान की मोबाइल की दुकान है। जिस वक्त घटना हुई, अरमान अपनी शॉप पर थे। वो कहते हैं- मैंने देखा कि एक आंटी जी चिल्ला रही थीं, किसी ने उनके ऊपर कुछ फेंका और भाग गया। वो लड़का कौन है? मैं उसे पहचानता नहीं हूं। बाकी हमारे सीसीटीवी में कुछ रिकार्ड हुआ है। हमारी DVR पुलिस ले गई है। अब महिला के बेटे ने जो देखा, वो जानिए बेटा बोला- मां ICU में, हालत सीरियस है
जहां महिला के साथ ये घटना हुई, वो घटनास्थल उसके घर से महज 200 कदम की दूरी पर है। महिला का बेटा हमें उस जगह ले गया, जहां उसके ऊपर एसिड फेंका गया। उस जगह पर हमें कुछ बर्न स्पॉट भी मिले। महिला के बेटे ने हमें बताया कि कुछ लोग हमारे पास दौड़ते हुए आए और बोले तुम्हारी मम्मी को चोट लग गई है। मैं दौड़ता हुआ गया, वहां मम्मी का आधा जला हुआ दुपट्टा बस पड़ा था। तब तक वो लोग मम्मी को बाइक पर अस्पताल लेकर चले गए थे। फिर मैं और पापा फौरन अवध अस्पताल गए, वहां हमें मम्मी नहीं मिलीं। हमें बताया कि सुधा नर्सिंग होम जाओ, हम वहां गए। देखा मम्मी आईसीयू में एडमिट थी, उनका काफी खून रिस रहा था। हालत काफी खराब थी। बेटे ने बताया कि आज से पहले कभी हमारे साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ। हमारी किसी से कोई रंजिश या लड़ाई नहीं है। ये किन लोगों ने किया, हम नहीं जानते। हमने बस सीसीटीवी देखा जिसमें एक लड़का दिखा है। मम्मी का चेहरा जला हुआ था, आंखों की दोनों पुतलियां सफेद हो चुकी थीं, हाथ और सीना भी जला हुआ था। मम्मी को हम रात में ही दिल्ली अस्पताल ले गए, अभी उनकी तबीयत ठीक नहीं है। वो सीरियस हैं, आईसीयू में भर्ती हैं। हम चाहते हैं सबसे पहले हमारी मम्मी सही हो जाएं। उस आरोपी को कानून सजा देगा। अब पुलिस एक्शन जानिए SSP बोले- कुछ फैक्ट सामने आए, खुलासा करेंगे
इस मामले में मेरठ के SSP डॉ. विपिन ताडा का कहना है- लोहिया नगर में 38 साल की महिला के ऊपर एक बच्चे ने एसिड फेंका है। उसके हाथों में चोट आई है। महिला का इलाज कराया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जो हुलिया बताया गया और आसपास के सीसीटीवी के आधार पर जांच की जा रही है। एसपी सिटी के निर्देशन में 4 टीमें जांच में लगी हैं, कुछ अहम फैक्ट भी सामने आए हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। ————————–
ये पढ़ें :
पति की लोकेशन बताई, प्रेमी ने मार डाला, प्रयागराज में पत्थर बांधकर शव कुएं में फेंका, फोन करके बोला- काम हो गया प्रयागराज में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। पति घर से निकला, तो पत्नी ने प्रेमी को उसकी लोकेशन दी। उसने रास्ते में उसे रोका और खुरपी से ताबड़तोड़ वार किए। उसके सिर, गर्दन और पेट पर कई वर किए। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को साड़ी में लपेटा, पैर में पत्थर बांधे और कुएं में फेंक दिया। हत्या के बाद प्रेमिका को फोन करके कहा- काम हो गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़िए पूरी खबर…
क्या अफेयर में नर्स पर फेंका गया एसिड?:मेरठ में बोतल पर मिले फिंगर प्रिंट; पुलिस की जांच 3 एंगल पर
