शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ बच्चों से यौन शोषण की एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रविवार को जांच टीम आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज के साथ माघ मेला क्षेत्र पहुंची और उनसे पूरी जानकारी ली। आशुतोष महाराज ने माघ मेला- 2026 और महाकुंभ-2025 के दौरान भी बच्चों के साथ यौन शोषण के आरोप लगाए थे। ऐसे में पुलिस ने अविमुक्तेश्वरानंद का शिविर जहां लगा था, उस जगह को देखा। आने-जाने के रास्तों, पीछे के मार्गों और आसपास के इलाके का नक्शा तैयार किया। साथ ही आासपास लगे CCTV कैमरों के बारे में जानकारी जुटाई। दरअसल, आशुतोष महाराज ने प्रयागराज की पॉक्सो कोर्ट में दो बच्चों को पेश कर अविमुक्तेश्वरानंद पर गंभीर आरोप लगाए थे। कोर्ट में कैमरे के सामने बच्चों के बयान दर्ज हुए। इसके बाद शनिवार को कोर्ट ने FIR दर्ज करने के आदेश दिए। शनिवार देर रात झूंसी थाने में यौन शोषण का मुकदमा दर्ज हुआ। इसमें अविमुक्तेश्वरानंद, उनके शिष्य मुकुंदानंद, 2-3 अज्ञात के नाम शामिल हैं। अविमुक्तेश्वरानंद ने आरोपों को बेबुनियाद करार दिया था। कहा था- रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष ने केस किया है। वह हिस्ट्रीशीटर है। जांच में हम सहयोग करेंगे। सच सामने आ जाएगा।
यौन शोषण केस- अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ जांच शुरू:पुलिस आशुतोष महाराज को लेकर माघ मेला पहुंची, शिविर का नक्शा तैयार किया
