फतेहाबाद में साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, राजस्थान के भीलवाड़ा से 6 शातिर गिरफ्तार

Spread the love

बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए फतेहाबाद की सहायक पुलिस अधीक्षक दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि इस बारे बलजीत सिंह निवासी गांव जापतेवाला, थाना सदर टोहाना ने 26 अप्रैल 2025 को पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बलजी सिंह ने कहा था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को उसका परिचित ‘मास्टर जी’ बताते हुए कॉल किया और कहा कि उसका नया नंबर है। आरोपी ने भरोसा दिलाकर कहा कि वह उसके खाते में 20 हजार रुपये भेज रहा है और कुछ दिन में वापस ले लेगा। इसके बाद आरोपी ने 15 हजार और 50 हजार के फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर साइबर फ्रॉड किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर टोहाना में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

एएसपी ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया, कॉल या मैसेज के जरिए लोगों से संपर्क करते थे। फिर खुद को जानकार या परिचित बताकर विश्वास अर्जित करते और विभिन्न बहानों से बैंक खाता, ओटीपी या अन्य संवेदनशील जानकारी प्राप्त कर लोगों को आर्थिक रूप से चूना लगाते थे। गिरोह के सदस्य कई राज्यों में सक्रिय रहकर संगठित साइबर ठगी करते थे। साथ ही, फर्जी गेम्बलिंग ऐप फेयरप्ले और मायफेयर के जरिए भी लोगों के साथ ठगी की जाती थी। यह गिरोह दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश में सक्रिय है और सैकड़ों ठगी के मामले अंजाम दे चुका है। एएसपी दिव्यांशी सिंगला के अनुसार मामले की जांच साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार, उपनिरीक्षक मंगल सिंह व उपनिरीक्षक रजत कुमार की टीम ने तकनीकी विश्लेषण व डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर की। पुलिस ने राजस्थान के भीलवाड़ा में दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्यवाही साइबर पुलिस फतेहाबाद द्वारा कुशलता और तत्परता से की गई, जिसे साइबर अपराध नियंत्रण में एक उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है।—-